अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: जान बूझकर BJP ने बदली उपचुनाव की तारीख, फिर भी सभी नौ सीटें जीतेगी सपा
अखिलेश यादव ने कहा कि हम उपचुनाव में नौ की नौ सीट जीत रहे हैं। तारीख बढ़ने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। हम पहले निर्धारित तारीख पर भी जीत रहे थे और अब भी जीतेंगे।
विस्तार
भाजपा ने जान बूझकर उप चुनाव की तारीख बदली है, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। सपा पहले की तारीख पर भी जीत रही थी और अब भी सभी नौ सीटों पर रिकॉर्ड वोटों से जीतेगी। यह दावा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करहल चुनाव को लेकर सैफई स्थित कार्यालय पर बैठक करने के दौरान किया।
उन्होंने कहा कि हम उपचुनाव में नौ की नौ सीट जीत रहे हैं। तारीख बढ़ने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। हम पहले निर्धारित तारीख पर भी जीत रहे थे और अब भी जीतेंगे। भाजपा वालों ने जान बूझकर तारीख बदली है, क्योंकि दीपावली पर बड़ी संख्या में मतदाता अपने घरों पर आए थे, जो भाजपा के खिलाफ मतदान करने जा रहे थे। कहा कि भाजपाई कहते हैं बटेंगे तो काटेंगे, लेकिन हम लोग पीडीए को जोड़कर आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सैफई के जिस 500 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का नौ माह पहले उद्घाटन करके यहां से गए हैं, वह आज तक चालू नहीं हो सका है। अस्पताल में एक भी बेड नहीं पड़ा है। सपा सरकार में 300 बेड का गायनी अस्पताल का कार्य शुरू किया गया था। सरकार के बजट न देने के कारण आज तक अधूरा पड़ा है। जबकि 300 बेड का अस्पताल अगर चालू हो जाता तो 8 से 10 जनपदों की महिलाओं को यहां पर इलाज मिलता।
समाजवादी पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव पल्लवी पाल अपने साथ खजांची को लेकर पहुंचीं। सपा मुखिया ने खजांची से मुलाकात की और लखनऊ में जन्म दिवस मनाने का फैसला लिया है। कहा कि केंद्र सरकार ने साल 2016 में की गई नोटबंदी के दौरान एटीएम की लाइन में पैदा हुए खजांची का अब आठवां जन्मदिन मनाया जाएगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक यादव, आलोक शाक्य, विधायक प्रदीप यादव आदि मौजूद रहे।