अब्बास-निखत मामला: SIT ने चार संदिग्धों को पकड़ा, पूछताछ में कबूली मदद पहुंचाने की बात, अब इन पर है नजर
जेल प्रकरण में एसआईटी ने चार संदिग्धों को पकड़ा है, जिन्होंने कड़ाई से पूछताछ पर मदद पहुंचाने की बात स्वीकारी है। वहीं, पुलिस ने दो लोगों को छोड़ दिया है।
विस्तार
चित्रकूट जेल प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी ने विधायक अब्बास अंसारी व निखत बानो से संबध होने के संदेह पर चार लोगों को पकड़ा है। इनसे कडाई से पूछताछ जारी है। एक को पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ दिया है। सभी से जेल तक पहुंचाने और निखत की मदद करने को लेकर सवाल किए गए।
जानकारी के अनुसार इन पकड़े गए युवकों में दो ने स्थानीय पकड़े गए सपा नेता व कैंटीन सप्लायर के माध्ययम से इनकी मदद पहुंचाने की बात स्वीकार की है। एक ने खुद को अंजान बताया है। शनिवार को जेल प्रकरण की जांच में जुटी पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात को चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।
इनमें शहर के तरौंहा निवासी जावेद, शंकर बाजार निवासी जयकुमार जैकी, अभिलाष कुमार व बउआ शामिल हैं। टीम ने पहले पकड़े गए सपा नेता फराज खान व कैंटीन सप्लायर नवनीत सचान के मोबाइल से मिले नंबर, रुपयों के ट्रांजक्शन के अलावा इनकी निखत के परिजनों से बातचीत और उसकी मदद करने के आरोपों की पूछताछ की।
पुलिस ने दो को पूछताछ के बाद छोड़ा
देर शाम तक चली पूछताछ में जयकुमार जैकी व बउआ को पुलिस टीम ने छोड़ दिया है। इसमें अभिलाष पर आरोप है कि वह जेल में सजा काट चुका है और जेल में रहने के दौरान उसके जेल अधिकारियों से संपर्क रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि अभी तक इनसे कुछ खास जानकारी नहीं मिली है।
मदद करने वाली पूरी चेन की जांच
यह सब प्रमुख रोल में नहीं थे। अन्य के मोबाइल के डाटा को खंगाला जा रहा है। उनके जेल प्रकरण में मदद के रूप की जानकारी ली जा रही है। जांच टीम यह संतुष्ट होना चाहती है कि जेल अधिकारियों को महंगे गिफ्ट व नगदी के अलावा जेल आने जाने में निखत नियाज की मदद करने वालों की चेन में और कितने लोग हैं।
पूछताछ में सामने आए हैं नए नाम
पहले हो चुकी पूछताछ में यह कुछ नाम सामने आने पर जांच टीम ने इन्हें पकड़कर पूछताछ की है। इस संबध में सीओ सिटी हर्ष पांडेय ने बताया कि जांच को लेकर पूछताछ की जा रही है। किसी को पकड़कर लाने वालों के नाम नहीं बताए हैं।
सपा नेता के घर में कुछ दिन ठहरी निखत
जानकारी के अनुसार सपा नेता फराज के घर में निखत बानो व उसका चालक नियाज कुछ दिन के लिए ठहरे थे। किराये का घर न मिलने पर दोनों कुछ दिन के लिए शहर के द्वारिका पुरी स्थित एक मकान में भी कुछ दिन रूके थे। इस दौरान होटल से इनको खाना भेजा जाता था।
बैंककर्मी व फैक्ट्री मालिक पर एसआईटी की नजर
पुलिस रिमांड में निखत बानो व नियाज के अलावा गिरफ्तार फराज व नवनीत से मिली जानकारी के अनुसार जांच टीम की नजर अब एक बैंक कर्मी व एक फैक्ट्री मालिक पर है। इन दोनों के जिले से बाहर लखनऊ में होने की बात बताई गई है। उनके मोबाइल नंबर से लेकर उनके बैंक खाते व ऑनलाइन ट्रांजक्शन की जांच की जा रही है।