Kanpur Dehat: शोहदे छेड़छाड़ करना पड़ा भारी, महिला ने बीच सड़क पर चप्पलों से पीटा, भीड़ बनी तमाशबीन
राजपुर थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ से गुस्साई महिला ने युवक को धर लिया और उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी। शोर पर काफी लोग जमा हो गए और तमाशबीन बने रहे। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र में मैजिक वाहन में छेड़छाड़ से गुस्साई महिला ने युवक को धर लिया। साथ ही, बीच सड़क में उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी। वहीं, शोर मचने पर काफी लोग जमा हो गए और तमाशबीन बन गए। महिला के गुस्से को देख किसी की बीच बचाव कराने की भी हिम्मत नहीं हुई।
इससे पहले कि पुलिस को बुलाया जाता, आरोपी छूटकर निकल गया। घटना की वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल होने के बाद हर तरफ इसकी चर्चा हो रही है। घटना गुरुवार रात सटटी थाना से महज 100 मीटर दूरी की है। यहां की एक गांव निवासी महिला गुरुवार को औरैया से मैजिक वाहन में सवार होकर शाहजहां लौट रही थी।
औरैया से पुखरायां कस्बे के लिए एक युवक भी मैजिक में सवार हो गया। थोड़ी देर में युवक ने महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। पहले तो महिला इसको नजरंदाज करती रही, लेकिन बार-बार हरकत से महिला परेशान हो गई। उसने फोन पर अपने देवर को छेड़छाड़ की जानकारी दी।
आरोपी माफी मांगता रहा, महिला पीटती रही
रात लगभग साढ़े आठ बजे सटटी थाना से महज 100 मीटर दूरी पर महिला ने मैजिक रुकवाकर युवक को पकड़ लिया और उसकी चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद युवक के माफी मांगने में भी देर न लगी, लेकिन महिला दनादन युवक पर चप्पलों की बौछार करती रही।
पुलिस को घटनास्थल पर नहीं मिला कोई
इस बीच मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल साइट्स पर भी अपलोड कर दी। हर तरफ शोहदे की पिटाई की चर्चा शुरू हो गई। सटटी प्रभारी निरीक्षक आदेश चंद ने बताया कि मौके पर महिला और युवक नहीं मिले। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।