Kanpur: SBI के लॉकर से ₹50 लाख के सोने-चांदी के जेवर गायब; शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों पर FIR दर्ज
Kanpur News: स्वरूप नगर स्थित एसबीआई शाखा के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। करीब चार महीने बाद लॉकर चेक करने पहुंची महिला ने जेवर गायब मिलने पर बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों पर साजिश के तहत जेवर हड़पने का आरोप लगाया है।
विस्तार
कानपुर के स्वरूपनगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से एक महिला के लॉकर से लगभग ₹50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर रहस्यमय तरीके से गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब चार महीने बाद जब पीड़िता अपना लॉकर चेक करने बैंक पहुंचीं, तो उसमें रखे सारे कीमती गहने नदारद मिले। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर पुलिस ने बैंक के शाखा प्रबंधक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
2003 से था लॉकर, पति की मौत के बाद लखनऊ रहने लगी थीं पीड़िता
जानकारी के अनुसार, कौशलपुरी निवासी रश्मि अरोड़ा ने वर्ष 2003 में स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर (जो बाद में SBI में विलय हो गया) की स्वरूपनगर शाखा में खाता खुलवाया था। उन्हें बैंक द्वारा लॉकर नंबर-23 आवंटित किया गया था। पति के निधन के बाद रश्मि अरोड़ा लखनऊ में रहने लगी थीं और समय-समय पर कानपुर आकर लॉकर का संचालन करती थीं।
27 जुलाई को खोला लॉकर तो उड़े होश
रश्मि अरोड़ा के मुताबिक, वह 27 जुलाई को बैंक पहुंचकर जब अपना लॉकर नंबर-23 खोला, तो उसमें रखे करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने गायब थे। उन्होंने बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों पर मिलीभगत व साजिश रचकर जेवर हड़पने का गंभीर आरोप लगाया।
मामला पुलिस कमिश्नर के संज्ञान में आने के बाद स्वरूपनगर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक और संबंधित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब लॉकर एक्सेस रजिस्टर, बैंक के एंट्री रिकॉर्ड्स और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।