{"_id":"57488efe4f1c1ba22c693054","slug":"lawyers-strike-is-expected-to-end-soon","type":"story","status":"publish","title_hn":"वकीलों की हड़ताल जल्द खत्म होने के आसार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वकीलों की हड़ताल जल्द खत्म होने के आसार
ब्यूरो/अमर उजाला कन्नौज
Updated Fri, 27 May 2016 11:46 PM IST
विज्ञापन
एसपी से वार्ता कर निकलते अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज। न्यायालय परिसर में पेशी को लेकर हुए विवाद के बाद अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी है। अधिवक्ताओं की हड़ताल होने से दूरदराज से आने वाले वादकारियों को परेशान होना पड़ रहा है। उधर अधिवक्ता मुकदमा वापसी तक पीछे हटने के मूड में नहीं है। हालांकि हड़ताल को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कन्नौज बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामेंद्र त्रिवेदी व वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ वार्ता की। इसके बाद डीजे के बुलावे पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी से इस मुद्दे का हल निकालने के लिए विचार-विमर्श हुआ है। हालांकि अभी पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं।
विज्ञापन
शुक्रवार को न्यायालय परिसर खुला, पर न्यायालयों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। जहां कहीं भी दूसरे अधिवक्ताओं को काम करते हुए देखा गया उनको भी काम करने से रोककर अपनी भीड़ में शामिल कर लिया गया। सुबह करीब दस बजे के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कन्नौज बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामेंद्र त्रिवेदी व वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ चल रही हड़ताल को लेकर वार्ता की। अध्यक्ष का कहना है कि सकारात्मक परिणाम निकलने तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। फिलहाल दो दिन के लिए हड़ताल का नोटिस जारी किया गया है। सोमवार को पुन: बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। मुकदमा वापसी तक अधिवक्ता किसी भी हाल में पीछे नहीं हटेंगे।
विज्ञापन