झांसी। बुंदेलखंड महाविद्यालय में शिक्षकों के अभिलेखों की जांच करने गई टीम के सामने गहमागहमी का माहौल रहा। वहीं, हंगामा होने की सूचना पर एलआईयू भी पहुंच गई। हालांकि, कोई विवाद नहीं हुआ।
अनामिका प्रकरण सामने आने के बाद शासन ने बेसिक, माध्यमिक के अलावा महाविद्यालयों के शिक्षकों के दस्तावेजों की भी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। झांसी में शिक्षकों के प्रपत्रों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। टीम कई कॉलेजों में शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच कर चुकी है। बुधवार को टीम जांच करने के लिए बीकेडी पहुंची। दस्तावेजों की जांच के दौरान कॉलेज में गहमागहमी का माहौल हो गया। वहीं, किसी ने एलआईयू को हंगामा होने की सूचना दे दी। इस पर एलआईयू की टीम मौके पर पहुंची। दस्तावेजों की जांच के बाद टीम लौट आई। टीम द्वारा सभी कॉलेजों के शिक्षकों की जांच पूरी करने के बाद रिकॉर्ड इकट्ठा कर शासन को भेजा जाएगा।