झांसी। थाना प्रेमनगर के राजगढ़ में रहने वाली बीएससी की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। अस्पताल से घर पहुंचे परिजन छात्रा को फांसी पर लटका देख घबरा गए। परिजन छात्रा को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन भी घटना को लेकर कुछ नहीं बता सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रेेमनगर क्षेत्र अंतर्गत राजगढ़ के शिवालय नगर निवासी राममिलन राय टैक्सी चालक है। शुक्रवार को राममिलन की मां की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार की दोपहर पूरा परिवार अस्पताल में था। इसी बीच शाम के समय खुद को अकेला पाकर राममिलन की पुत्री प्राची राय (19) ने कमरे में फांसी लगा ली। देर शाम जब परिजन अस्पताल से घर लौटे तो अंदर प्राची को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देख घबरा गए। परिजन एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। छात्रा का एक भाई व दो बहने हैं। घटना के बाद से घर में कोहराम मच हुआ है। परिजनों ने बताया कि प्राची हंसारी के श्रीराम महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा थी। छात्रा ने किस बात को लेकर फांसी लगाई, इसके बारे में परिजन कुछ नहीं बता सके।