झांसी। तेलंगाना एक्सप्रेस में बंदूकें बरामद होने के बाद हड़कंप की स्थिति मची हुई है। इसे लेेकर तमाम कयास लगाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। रेलवे पुलिस की ओर से कई बिंदुओं पर पड़ताल शुरू कर दी गई है।
हैदराबाद से नई दिल्ली की ओर जाने वाली तेलंगाना एक्सप्रेस बृहस्पतिवार - शुक्रवार की मध्य रात्रि 1.20 बजे प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी हुई थी। इसी दौरान ट्रेन के जनरल कोच में सवार यात्री की नजर कोच में रखे एक लावारिस बैग पर पड़ी। उसने इसकी सूचना आरपीएफ को दी। आरपीएफ ने तलाशी में कोच से दो बैग बरामद किए, जिनमें से पांच बंदूकें और 23 कारतूस बरामद हुए। इससे हड़कंप मच गया था। इसकी सूचना रेलवे पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी गई। तत्काल पूरा अमला हरकत में आ गया था। शुक्रवार को भी पूरे दिन मामले की पड़ताल की जाती रही। वहीं, ट्रेन में बंदूकें बरामद होने पर तमाम सवाल भी खड़े हो रहे हैं। हाल ही में झांसी रेल मंडल में लूट की दो घटनाएं घटित हो चुकी हैं। ऐसे में लोगों का कहना रहा कि कहीं चलती ट्रेन में लूटपाट करने के लिए तो बंदूकें नहीं लाईं गई थीं। हालांकि, बंदूकों के साथ हैदराबाद की सिक्योरिटी कंपनी के कार्ड और मोहम्मद रफीक व माजिद नाम के दो शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए। रेलवे पुलिस तेलंगाना पुलिस के भी संपर्क में है।