झांसी। प्रवक्ता पद के लिए शिक्षा विभाग द्वारा ली गई पीजीटी परीक्षा के दूसरे दिन 1408 परीक्षार्थियों ने दो पालियों में परीक्षा दी। इस दौरान सूरज प्रसाद कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया इससे परीक्षार्थियों को काफी परेशानी हुई। बाद में डीआईओएस के आदेश के बाद बैरिकेडिंग खोली गई। केंद्र के सामने अधिवक्ताओं का चुनाव चल रहा था।
पीजीटी परीक्षा के दूसरे दिन 1408 परीक्षार्थियों ने दो पालियों में परीक्षा दी। तीन केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 1913 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। वहीं 505 ने परीक्षा छोड़ दी। शहर में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई बालिका महाविद्यालय, सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज में बुधवार को पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) परीक्षा कराई गई थी। उधर, द्वितीय पाली में सूरज प्रसाद कॉलेज में पहुंचे परीक्षार्थियों को काफी दिक्कतें आईं। यहां पर कॉलेज के सामने बुधवार को अधिवक्ताओं का चुनाव चल रहा था। पुलिस ने यहां रास्ते में बैरिकेडिंग लगा रखी थी। किसी भी बाहरी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था। ऐसे में परीक्षार्थियों को भी रोक लिया गया। पुलिसकर्मी उन्हें अंदर नहीं जाने दे रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने नवाबाद थाना इंचार्ज को फोन कर बताया कि परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र देखकर उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने दिया जाए। डीआईओएस के आदेश पर पुलिस ने प्रवेशपत्र देखकर उन्हें जाने दिया।