फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jhansi News ›   petrol pump loot

पेट्रोल पंप संचालक के घर में घुसे लुटेरे, नकदी लेने पंप तक पहुंचे

Mon, 13 Jun 2022 11:12 PM IST
Jhansi Bureau झांसी ब्यूरो
Updated Mon, 13 Jun 2022 11:12 PM IST
विज्ञापन
petrol pump loot
झांसी। नवाबाद थाना इलाके में रहने वाले पेट्रोल पंप संचालक के घर बीती रात दो बदमाश घुस गए। संचालक की बुजुर्ग मां को चाकू की नोक पर लेकर उन्होंने पहले मोबाइल लूटा और उसके बाद नकदी की डिमांड की। वे इतने बेखौफ थे कि एक बदमाश नकदी लेने के लिए संचालक के साथ पेट्रोल पंप तक आ पहुंचा। हालांकि, खतरा भांपकर बगैर नकदी लिए ही भाग गया, इसी बीच संचालक के घर से दूसरा बदमाश भी फरार हो गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनो आरोपी आपस में भाई हैं।
विज्ञापन

इलाइट से स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित ऊर्जा पेट्रोल पंप के संचालक कबीर खन्ना का निवास इलाहाबाद बैंक चौराहा-स्टेशन रोड पर महानगर पॉश इलाके में स्थित है। रविवार की रात तकरीबन नौ बजे कबीर अपनी मां निम्मी खन्ना (69) के साथ घर में मौजूद थे। घर के मुख्य दरवाजे का छोटा गेट खुला हुआ था। इस गेट से मुंह पर स्कार्फ बांधे हुए दो बदमाश उनके घर में धड़धड़ाते हुए दाखिल हो गए। इससे पहले कि कबीर कुछ समझ पाते, एक बदमाश ने कबीर की बुजुर्ग मां के गले पर चाकू सटा दिया। जबकि, दूसरे ने कबीर का मोबाइल फोन छीन लिया। बदमाशों ने कबीर से नकदी की मांग की। इस पर कबीर ने बताया कि वे नकदी घर में नहीं रखते हैं। सारा कैश पेट्रोल पंप पर रखा रहता है। इस पर एक बदमाश ने कहा कि पेट्रोल पंप पर चलकर सारी नकदी उनके हवाले कर दो। इसमें होशियारी करने पर अंजाम भयानक होगा। घबराए हुए कबीर तुरंत बदमाशों की मांग पूर करने पर राजी हो गए। इस पर एक बदमाश कबीर की कार में पीछे बैठ गया, जबकि दूसरा घर पर रहकर कबीर की मां को चाकू की नोक पर लिए रहा। बदमाश के कहने पर उन्होंने अपनी कार पेट्रोल पंप से थोड़ी दूरी पर रोक दी और पैदल ही पंप तक पहुंचे। यहां उन्होंने दबी जुबान में घटना की जानकारी पंप पर मौजूद स्टाफ को दी। स्टाफ उनके घर की ओर दौड़ा, जबकि वे पंप पर रखी 25-30 हजार रुपये की नकदी लेकर अपनी कार पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही कार में मौजूद बदमाश फरार हो चुका था। जबकि, घर पहुंचने पर दूसरा बदमाश भी नहीं मिला।
विज्ञापन

इसके बाद कबीर ने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पेट्रोल पंप से लेकर आवास तक के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, जिसमें दोनों बदमाश नजर आए। कैमरों में दिखा कि पेट्रोल पंप से ऑटो में सवार होकर बदमाश उनके घर तक पहुंचा और यहां से दूसरे बदमाश के साथ फरार हो गया। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर मौजूद स्टाफ से पूछताछ की तो सामने आया कि एक दिन पहले ही ललितपुर रोड बीएसएनएल कॉलोनी के पास निवासी राहुल को काम से हटा दिया गया था। इस पर पुलिस ने राहुल को पूछताछ के लिए बुलाया। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया। राहुल ने बताया कि उसने अपने भाई भूपेंद्र के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पंप पर पहुंचने पर वो घबरा गया था, जिसके बाद इरादा बदल दिया और दोनों भाग निकले। कबीर खन्ना की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस को चकमा देने की पूरी कोशिश की
झांसी। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को चकमा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पुलिस के बुलाने पर राहुल तत्काल मौके पर आ गया। उसके चेहरे पर किसी तरह की घबराहट नजर नहीं आ रही थी। घटना के दौरान वह सफेद रंग की शर्ट पहने हुए था, जबकि पुलिस के सामने दूसरे रंग की शर्ट पहनकर आया। घर से फोन आने पर उसने बताया कि वो जल्द आने वाला है। पुलिस ने भाई को बुलाया तो वो भी इसी अंदाज में पुलिस के पास पहुंचा। उसके चेहरे पर भी भय नजर नहीं आ रहा था।
14 मिस्ड कॉल से गहराया शक
झांसी। शुरुआती पड़ताल में पुलिस दोनों को निर्दोष मानकर चल रही थी। पुलिस ने जब दोनों के मोबाइल फोन खंगाले तो राहुल के नंबर पर उसके भाई के नंबर से 14 मिस्ड कॉल पाई गईं। यह सभी कॉल घटना के समय और उससे कुछ देर पहले की थी। शक गहराने पर कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों टूट गए और सच उगल दिया।

लापरवाही पर निकाला था काम से
झांसी। पेट्रोल पंप संचालक कबीर खन्ना ने बताया कि राहुल लगातार काम में लापरवाही बरत रहा था। कुछ दिन पहले कंपनी के अधिकारियों ने पंप का निरीक्षण किया था, जिसमें भी उसकी लापरवाही सामने आई थी। इस वजह से उसे हटा दिया गया था। उन्होंने बताया कि घटना के समय दोनों मुंह ढके हुए थे, जिससे वे उन्हें पहचान नहीं पाए। कबीर ने बताया कि उनके भाई करन खन्ना दिल्ली में एयरफोर्स में विंग कमांडर के पद पर तैनात हैं। विदित हो कि कबीन खन्ना शहर के एक बड़े कारोबारी घराने नटराज ऑटोमोबाइल्स से ताल्लुक रखते हैं।
पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना को लेकर उनसे पूछताछ जारी है।
- विवेक त्रिपाठी, एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed