झांसी। खजुराहो से कुरुक्षेत्र के लिए अब सीधी ट्रेन चलने से बुंदेलखंड पंजाब से सीधा जुड़ गया है। कोरोना महामारी के चलते खजुराहो से कुरुक्षेत्र के लिए 12 सितंबर से चलने वाली इस ट्रेन को अभी स्पेशल गाड़ी बनाकर चलाया जा रहा है। नियमित ट्रेनों के चलने पर ये गाड़ी भी सप्ताह में पांच दिन चलने लगेगी।
रेलवे बोर्ड ने कुुरुक्षेत्र से मथुरा के बीच पांच दिन चलने वाली 11901/11902 मथुरा-कुरुक्षेत्र- मथुरा (सप्ताह में पांच दिन) चलने वाली ट्रेन का वाया ललितपुर खजुराहो तक विस्तारीकरण कर दिया था। इस ट्रेन को 27 अप्रैल से नए नंबर 11841/11842 कुरुक्षेत्र- खजुराहो- कुरुक्षेत्र के बीच चलना था। लेकिन कोरोना की वजह से लगे लॉकडाउन के कारण इस ट्रेन को वक्त पर नहीं चलाया जा सका। लेकिन अब ये ट्रेन 12 सितंबर से 01841/01842 स्पेशल ट्रेन के रूप में चलने लगेगी। बाद में नियमित ट्रेेेनों में शामिल हो जाएगी। ये ट्रेन खजुराहो से शाम 6.35 बजे औ कुरुक्षेत्र से दोपहर 2.55 बजे चलेगी। इस ट्रेन को पानीपत, सोनीपत, नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, पलवल, मथुरा, आगरा कैंट, धौलपुर, ग्वालियर, झांसी, ललितपुर, उदयपुरा, टीकमगढ़, खरगापुर व छतरपुर स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इस ट्रेन का बुंदेलखंड के बांदा, महोबा, छतरपुर, टीकमगढ़, हमीरपुर समेत आसपास के सभी क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल सकेगा। इस क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली और पंजाब जाने के लिए झांसी तक आकर ट्रेन नहीं बदलनी पड़ेगी। इस ट्रेन में 10 जनरल, पांच स्लीपर, दो थर्ड एसी, दो सेकंड एसी व सम्मिलित फर्स्ट सेकंड एसी कोच लगेगा।