{"_id":"68682df128b8210bf00378e7","slug":"jhansi-chhattisgarh-sampark-kranti-coming-from-delhi-evacuated-after-bomb-threat-2025-07-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi : बम की सूचना पर खाली कराई दिल्ली से आ रही छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति, अफवाह साबित होने पर दुर्ग रवाना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi : बम की सूचना पर खाली कराई दिल्ली से आ रही छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति, अफवाह साबित होने पर दुर्ग रवाना
Sat, 05 Jul 2025 01:10 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, झांसी
अमर उजाला नेटवर्क, झांसी
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 05 Jul 2025 01:10 AM IST
सार
ट्रेन में कुछ न मिलने से पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली। करीब एक घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
विज्ञापन
स्टेशन पर खड़ी संपर्क क्रांति...
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हजरत निजामुद्दीन से दुर्ग जाने वाली छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति में शुक्रवार देर-रात बम रखे होने की सूचना ने हड़कंप मचा दिया। किसी सिरफिरे ने दिल्ली कंट्रोल रूम में फोन करके ट्रेन में बम होने की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
आनन-फानन में जीआरपी, आरपीएफ समेत भारी संख्या में पुलिस बल झांसी स्टेशन पहुंच गया। अग्निशमन समेत बम निरोधक दस्ते को भी बुला लिया गया। झांसी स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन को खाली कराकर तलाशी कराई गई। एससी कोच बी-वन में तीन डिब्बे लावारिस मिले लेकिन, इसमें कुछ संदिग्ध नहीं पाया गया।
विज्ञापन
पुलिस ने कोच सहायक से भी पूछताछ की। ट्रेन में कुछ न मिलने से पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली। करीब एक घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
#WATCH | Jhansi, Uttar Pradesh | Jhansi Railway Station and Chhattisgarh Sampark Kranti Express train were thoroughly checked after receiving an alleged bomb threat, which later turned out to be a hoax pic.twitter.com/IiFwiEu5C2
— ANI (@ANI) July 4, 2025
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक दिल्ली कंट्रोल रूम में किसी ने मोबाइल फोन से संपर्क क्रांति में बम रखे होने की सूचना दी थी। पुलिस बल के साथ एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ सिटी रामवीर सिंह समेत भारी मात्रा में पहुंचे पुलिस बल ने प्लेटफार्म संख्या दो एवं तीन को खाली करा दिया।
यहां के सभी स्टॉल भी बंद करा दिए गए। दोनों प्लेटफार्म सील कर दिए गए। रात करीब 11:34 बजे प्लेटफार्म संख्या दो पर ट्रेन के पहुंचते ही पुलिस ने तुरंत सभी यात्रियों को नीचे उतारा। इसके बाद सभी कोचों में तलाशी शुरू हुई। बी-वन में तलाशी के दौरान तीन डिब्बे लावारिस हाल में रखे मिले। कोच सहायक थानेश्वर से पूछने पर उसने बताया कि एक व्यक्ति यह डिब्बे दे गया था।
तीनों डिब्बों को नीचे उतारकर बम निरोधक दस्ते ने उसकी पड़ताल की लेकिन, इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने काफी देर तक कोच सहायक से पूछताछ की। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि तलाशी के दौरान ट्रेन से कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। करीब एक घंटे तलाशी के बाद रात 12.30 बजे ट्रेन आगे रवाना कर दी गई।