झांसी। सदर बाजार थाना इलाके में स्थित एक बेकरी में एक युवती की लाश फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। मृतका के भाई ने बेकरी मालिक पर हत्या का आरोप लगाया। बताया कि आरोपी युवक मृतका पर शादी का दबाव बना रहा था। न मानने पर उसने हत्या कर दी। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
भट्टागांव निवासी ट्रक ड्राइवर अनवार अली की पुत्री गजाला (28) की छह साल पहले शादी छतरपुर के एक युवक से हुई थी। लेकिन, दो साल बाद ही तलाक हो गया था। इसके बाद युवती अपनी चार साल की बेटी के साथ मायके में रहने लगी थी। मृतका के भाई आदिल अली ने बताया कि पिछले एक साल से हैवट मार्केट निवासी एक युवक उसकी बहन को परेशान कर रहा था। वह उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। रविवार की सुबह करीबन दस बजे गजाला घर से निकली थी। इसके बाद वो वापस नहीं लौटी। ज्यादा समय होने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन पता नहीं चला। रात में युवक का फोन आया कि गजाला ने उसकी भट्टागांव में स्थित बंद बेकरी में जाकर फांसी लगा ली। मौके पर जब परिजन पहुंचे तो युवक भी वहां मौजूद था। जबकि, गजाला का शव बरामदे में फंदे पर लटका हुआ था। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, युवक ने बताया कि उसे नहीं मालूम कि गजाला उसकी बेकरी में कैसे पहुंची। जब वो वहां पहुंचा तो उसे शव लटका हुआ मिला। इस मामले में सदर बाजार थाना पुलिस ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं आई है। मामले की पड़ताल जारी है।