झांसी। बबीना विधानसभा क्षेत्र के रक्सा कसबे के ललितपुर रोड तिराहे से कुछ आगे एक चाट के ठेले पर युवाओं की महफिल जमी थी। दोपहर के डेढ़ बज चुके थे। चाट के स्वाद के साथ चटपटी चुनावी चर्चा का भी मजा लिया जा रहा था। सिजवाहा निवासी रामकुमार ने कहा, जब हम औरें हल्के- हल्के हतै तब चुनाव में बुंदेलखंडी गारीं गाकैं प्रचार करौ जात तौ, अब तो मोबाइल पै डिस्को बारे गाना बज रए। बात को आगे बढ़ाते हुए जगदीश ने कहा, हमै खूब ध्यान है जब माइक पै गारी बजत हतीं, फलाने सांची तो बताओ, इन पांच साल सत्ता में रैकें की ने कित्तो खाव। इन गानन खौं बुंदेलखंड के गायकई गाउत हतैं सौ उने दो पैसा मिल जाबू करे, अब तौ लखनऊ और दिल्ली से गाना बनके आ रए और डिस्को बारे गायक गारय। जैई मोबायलन पै दिखा रए। अमर सिंह ने कहा, गानन के प्रचार में भी खूबई कटाछनई मची, एक पार्टी को गाना मोबाइल पै आ नई पाउत, दूसरे दिना दूसरी पार्टी बाकौ जवाब दे दैत। विजय ने कहा कि गानन से काऊ कौ पूर नई पररऔ, जनता ने तौ पैलईं गांठ लगा लई कै कीखौं वोट दैने। गाना गाउत रऔ, चाय बाजे बजाउत रऔ, जनता खौ बोई करने जौन बाने मन मैं सोच लई । बड़े- बड़े फोटू बारे परचा, मोबायलन के गानन से आदमी टैम पास कर रए, जो करे सैं न तो कोऊ जीत रऔ और न कोऊ हार रऔ। चुनाव में ठाड़े नेता अपनो मन भलईं भर लेवैं, जासे होने कछू नइयां।