झांसी। सम सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने 51 कॉलेजों पर जुर्माना लगाया है। कॉलेजों पर अधिकतम 30 हजार तक जुर्माना लगा है। बीयू इन सभी महाविद्यालयों को नोटिस जारी कर जुर्माना जमा कराने की तैयारी में है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2014 से कॉलेजों की परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जा रही हैं। ये सभी कैमरे बीयू में बने कंट्रोल रूम से जुड़े होते हैं। बीयू की टीम कंट्रोल रूम के जरिए सभी केंद्रों पर नजर रखी जाती है। अगर किसी परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा बंद मिलता है तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक को फोन करके कैमरा खोलने के निर्देश दिए जाते हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि वर्ष 2018 में बीयू में हुई परीक्षा समिति की बैठक में निर्णय हुआ था कि अगर किसी कॉलेज का सीसीटीवी कैमरा बंद मिलता है तो प्रत्येक बार दो-दो हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। बीयू ने अगस्त-सितंबर 2023 में बुंदेलखंड के कॉलेजों की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई थीं। परीक्षा के दौरान बुंदेलखंड के 51 ऐसे कॉलेज चिह्नित हुए हैं, जिनके किसी न किसी परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। ऐसे में इन महाविद्यालयों पर दो से लेकर 30 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना जमा करने के लिए इन सभी कॉलेजों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे। इनमें महोबा, चित्रकूट, बांदा, ललितपुर, जालौन और हमीरपुर के डिग्री कॉलेज शामिल हैं।