जौनपुर। जिले के सभी थानों और कोतवाली में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आए अधिकांश फरियादी मायूस होकर लौटे और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण नहीं हो सका। इसकी वजह रही कि ज्यादातर मामले राजस्व से संबंधित थे। वहीं खेतासराय थाना क्षेत्र के तारगहना गांव की महिलाओं ने सामूहिक रूप से गांव में पिछले करीब दो वर्षों से बिना किसी वैध लाइसेंस के खुलेआम अवैध शराब की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया। खेतासराय थाना क्षेत्र के तारगहना गांव की महिलाओं का आरोप है कि गांव में पिछले करीब दो वर्षों से अधिक बिना किसी वैध लाइसेंस के खुलेआम अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। इसके चलते असामाजिक तत्वों का गांव में जमावड़ा लगा रहता है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में घूम-घूमकर अवैध देसी शराब बेची जा रही है।
शराब के नशे में धुत होकर कई पुरुष घर पहुंचने के बाद महिलाओं के साथ मारपीट और हंगामा करते हैं, जिससे गांव की महिलाओं का जीवन दूभर हो गया है और गांव का माहौल खराब हो रहा है। शिकायत करने पहुंची महिलाओं में सोना और नीलम ने बताया कि यदि शराब बेचने वाले को यह जानकारी हो जाती है कि महिलाएं पुलिस से शिकायत करने गई हैं, तो वह गांव के कुछ पुरुषों को शराब पिलाकर महिलाओं को पिटवाने की कोशिश करता है। इस डर से कई महिलाएं शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पातीं। शिकायत करने वालों में जडावती, पूनम, शिवलोचना, राधा, सरोजा, दसिया समेत अन्य महिलाएं शामिल रहीं। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं था। शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। मछलीशहर : शनिवार को कोतवाली परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 7 प्रार्थना पत्र आए जिसमें से मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। सिंगरामऊ में कुल दो प्रार्थना पत्र पड़े जो राजस्व विभाग से संबंधित थे। शाहगंज कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में पांच प्रार्थना पत्र दिए गए जिसमें से मौके पर एक भी प्रार्थना पत्र का निस्तारण नहीं हो सका। बदलापुर: कोतवाली परिसर में कुल दो जरूरतमंदों ने प्रार्थना पत्र दिया जिसमें से मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों मामले राजस्व से संबंधित हैं, जिन्हें शीघ्र निस्तारित किया जाएगा।