जौनपुरः बिजली गिरने से महिला की मौत, चपेट में आने से मां-बेटे समेत पांच झुलसे
जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर(कवलापुर) गांव में सोमवार दोपहर बाद शीला देवी के निर्माणाधीन मकान में ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी का भराव डाला जा रहा था। इसी समय तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान बिजली गिरी।
विस्तार
यूपी के जौनपुर जिले के हरसिंहपुर (कवलापुर) गांव में सोमवार को तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि मां और पुत्र सहित पांच लोग झुलस गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर(कवलापुर) गांव में सोमवार दोपहर बाद शीला देवी के निर्माणाधीन मकान में ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी का भराव डाला जा रहा था। इसी समय तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान बिजली गिरी। चपेट में आने से मौके पर मौजूद सुनीता देवी (38), स्वर्गीय इंद्रजीत की पत्नी शीला देवी (35), सूरज (15), अनुज (10), राजनाथ (50) और ट्रैक्टर चालक भटवार गांव निवासी बृजेश मिश्रा (35) गंभीर रूप से झुलस गए।
तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने आनन-फानन सभी को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने सुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, मौके पर पहुंचे कानूनगो व लेखपाल ने पीड़ित परिवार को शासन द्वारा आर्थिक सहायता दिलवाने का भरोसा दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दुकान में लटका मिला युवक का शव
बरसठी थाना क्षेत्र के सरसरा गांव में सोमवार को एक युवक की दुकान में अबुझ हाल में फांसी पर लटकती लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है।
भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र के लहरूआ गांव निवासी संतोष सरोज (26) छह माह से सरसरा गांव में एक किराए का कमरा लेकर दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि इसी गांव में उसकी शादी होने वाली थी। जहां से उसे रोजाना खाना आता है। लोगों ने बताया कि सोमवार सुबह दैनिक क्रिया के बाद कमरे में जाकर अंदर से शटर बंद कर लिया।
करीब 11 बजे के खाना देने के लिए एक युवक पहुंचा और आवाज लगाई। लेकिन अंदर से जवाब नहीं मिला तो उसने शटर उठाकर देखा तो हैरान रह गया। पंखे के लिए लगाई गई लकड़ी में रस्सी के सहारे सरोज का शव लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के पिता अमर नाथ सरोज घटना को लेकर हैरान हैं। उन्होंने कहा घर पर सबकुछ ठीकठाक था। समझ में नहीं आ कि रहा ऐसा कैसे हुआ। इस संबंध में थानाध्यक्ष राम सरीक गौतम गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।