केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुरारा गांव में बुधवार की सुबह पोखरे में महिला का शव उतराया दिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि महिला मंगलवार की रात किसी समय शौच के लिए गई होगी, जहां पैर फिसल जाने से पोखरे में डूबने से उसकी मौत हो गई होगी।
सुमन चौरसिया (30) की शादी आठ साल पहले मुरारा गांव निवासी सुनील चौरसिया से हुई थी। इनसे दो बेटे हैं। एक बेटे की उम्र छह साल व दूसरा एक साल का है। परिवार के लोग मुंबई रहते हैं, जबकि घर पर अपने दोनों बेटों के साथ सुमन अकेली रहती थीं। चचेरे ससुर दिलदार चौरसिया ने बुधवार को सुबह कोतवाली में तहरीर दी। इसमें कहा गया है कि उनकी चचेरी बहू सुमन मंगलवार की रात शौच के लिए घर से रात में किसी समय गई थी। करीब 150 मीटर दूर स्थित पोखरे में पैर फिसल जाने के कारण वह डूब गई। जिसका शव बुधवार को तालाब उतराई देख लोगों से घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर कोतवाल लक्ष्मण पर्वत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह मामले सामने आया है कि महिला शौच के लिए पोखरे के पास गई थी। जहां पैर फिसलने वह पोखरे में डूब गई। फिलहाल, शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।