डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के कोईलारी गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह की हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुुधवार को ग्रामीण सड़क पर उतर आए। कोईलारी गांव व बाजार के मुख्य मार्ग को जाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को दस लाख रुपये की आर्थिक मदद और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। मौके पर पहुंचे केराकत सीओ ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
कोईलारी गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह की साथियों ने ही शनिवार की रात गला रेत कर हत्या कर दी। शव को गाजीपुर की सीमा पर तरवां गांव में नदी किनारे छिपा दिया और उसके पिता से तीन लाख की फिरौती मांगी। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने जांच शुरू की तो फिरौती की मांग करने वाला मोबाइल नंबर अमरौना गांव निवासी सोनम राजभर का निकला। पुलिस की पूछताछ में उसने हत्या में दिलीप राजभर और चंदन सिंह की भी मुख्य भूमिका बताई थी। पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। हत्या से आक्रोशित ग्रामीण बुधवार को दोपहर बाद सड़क पर उतर आए। कोईलारी गांव व बाजार का मुख्य मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और सुरक्षा भी प्रदान की जाए। इसके अलावा बाजार में पुलिस चौकी की स्थापना हो। यह क्षेत्र गाजीपुर, आजमगढ़ की सीमा से सटा है। जिले का अंतिम छोर होने के कारण यहां आपराधिक तत्व सक्रिय रहते हैं। आए दिन चोरी-छिनैती की घटनाएं भी होती रहती हैं। लिहाजा सुरक्षा के लिहाज से यहां पुलिस चौकी स्थापित होनी चाहिए। चक्काजाम की सूचना पर केराकत सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अन्य मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए समाधान का हरसंभव प्रयास होगा। करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। विरोध प्रदर्शन में वरुण सिंह, दिनेश सिंह, अनिल सिंह,संजय सिंह, डॉ बृजेश सिंह, सुनिल सिंह, सिपाही राम,पंकज सिंह, प्रशांत सिंह, मुन्ना सिंह, शिवपूजन प्रजापति, बबलू सिंह, विजयी राजभर, गुलाब, सहित अन्य लोग रहे।