जौनपुरः रिश्वत मांगते लेखपाल का वीडियो वायरल, एसडीएम ने किया निलंबित
जौनपुर में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के निर्माण को लेकर एक लेखपाल का घूस मांगने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में एसडीएम ने सोमवार को लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
विस्तार
जौनपुर में बदलापुर तहसील में तैनात लेखपाल सनंदन भट्ट का एक मामले में घूस लेने का वीडियो वायरल हुआ है। इस मामले में एसडीएम ने सोमवार को लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उधर पूरे प्रकरण की शिकायत करने वाले शख्स की लोगों ने खुटहन थाना क्षेत्र के पिलकिच्छा पुल पर पिटाई कर दी, उसने थाने में तहरीर दी है।
हरिदासपट्टी गांव के लेखपाल सनंदन भट्ट द्वारा गांव निवासी ओम नारायण तिवारी से 8 हजार रुपये घूस मांगने का वीडियो वायरल हो रहा है। ओम नारायण ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि वह अपने बाग में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास का निर्माण कर रहा था।
गांव के कुछ शरारती तत्वों ने शिकायत की कि यह निर्माण ग्राम समाज की भूमि पर हो रहा है। आरोप है कि लेखपाल सनंदन भट्ट ने उससे आठ हजार रुपये घूस मांगे। न देने पर वह निर्माण कार्य रोकवाने की धमकी देने लगे। उनके नहीं मानने पर तीन हजार रुपये दिए।
जांच के बाद पाया गया दोषी
पांच हजार रुपये बाद में देने की बात कही गई। डीएम ने प्रकरण की जांच एसडीएम लालबहादुर को सौंपी थी। एसडीएम ने तहसीलदार मृदुला दुबे से जांच कराई। तहसीलदार ने लेखपाल को दोषी पाया और उसके निलंबन की संस्तुति कर रिपोर्ट भेज दी।
उन्होंने बताया कि एसडीएम लालबहादुर ने सोमवार को लेखपाल सनन्दन भट्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। उधर ओम नारायण तिवारी ने खुटहन थाने में सोमवार को तहरीर दी। आरोप लगाया कि वह अपने साथी इंद्रपति यादव से साथ बाइक से शाहगंज से घर जा रहा था। पिलकिच्छा पुल के पास पहले से ही घात लगाये बैठे पांच-छह मनबढ़ों ने उसे रोक पिटाई की और जेब में रखे पैसे भी छीन लिए।