मड़ियाहूं। लोरिका गनापुर गांव स्थित श्रीराम महाविद्यालय के मैदान में चल रही 44वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालक वर्ग कबड्डी चैंपियनशिप के ग्रुप-डी में वाराणसी की टीम विजेता रही। फाइनल में हुए रोमांचक मुकाबले में जौनपुर को 32-30 के अंतर से मात दी।
स्टेट चैंपियनशिप के लिए प्रदेश को चार ग्रुप में बांटकर प्रतियोगिता कराई जा रही है। ग्रुप डी में 13 जिले शामिल हैं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को क्वार्टर, सेमी फाइनल और फाइनल मैच हुए। सुबह हुए क्वार्टर फाइनल में जौनपुर ने भदोही को 38-22 से, वाराणसी ने रायबरेली को 40-10 से, गाजीपुर ने कड़े मुकाबले में प्रयागराज को 29-28 और चंदौली ने मिर्जापुर को 30-25 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमी फाइनल में वाराणसी ने चंदौली 30-10 के अंतर से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में जौनपुर ने गाजीपुर को 42-28 के अंतर से मात दी। मल्हनी के सपा विधायक लकी यादव ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच की शुरुआत कराई। उन्होंने जिला कबड्डी एसोसिएशन को एक कबड्डी मैट देने की भी घोषणा की। फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। कांटे की टक्कर में वाराणसी ने अंतिम समय में जौनपुर को 32-30 के अंतर से हराया। विजेता खिलाड़ियों को संयोजक अरुण कुमार यादव ने मेडल देकर व ट्राफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि सेमी फाइनल में पहुंची चारों टीम अगले महीने शामली में होने वाले सुपर लीग मैच में भी प्रतिभाग कर सकेंगी। निर्णायक की भूमिका मोहम्मद अकरम, हूबलाल, पीके पांडेय, रामपाल, वीरेंद्र पाल, निर्भय सिंह, राकेश यादव, सुरेश यादव, गुलाब यादव ने निभाई। इस अवसर पर सौरभ यादव, आरबी यादव आदि उपस्थित रहे। जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव रविचंद्र यादव ने आभार जताया।

मड़ियाहूं के लोरिका गांव में कबड्डी प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम।- फोटो : JAUNPUR