जौनपुर। शहर के हुसेनाबाद मोहल्ला निवासी छह वर्षीय वैष्णवी श्रीवास्तव ने इंटरनेशन बुक ऑफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। महज दो मिनट 47 सेकेंड में 196 देशों के नाम और उनकी राजधानी बताकर वैष्णवी ने यह उपलब्धि हासिल की है। वैष्णवी की इस उपलब्धि से जिलेवासी गौरवान्वित हैं।
हुसेनाबाद मोहल्ला निवासी अनुराग श्रीवास्तव और मां श्वेता स्नेह की बेटी वैष्णवी माउंट लिट्रा जी स्कूल में कक्षा दो की छात्रा है। पढ़ाई में होनहार बिटिया शुरू से ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाती रही है। उसे देश के सभी प्रदेशों का नाम राजधानी, दुनिया के 196 देशों के नाम व उसकी राजधानियां कंठस्थ हैं। इसके अलावा देश के सभी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री का भी नाम बखूबी पता है। इससे पूर्व वैष्णवी ने साढ़े तीन मिनट में देश के बड़े शहरों, राजधानी और राज्यों का नाम बताकर अपना नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। इस कामयाबी के बाद वह आगे की तैयारी में जुट गई है।