Jaunpur News: राज्य सूचना आयोग में 33 हजार 181 मामलों का हुआ निस्तारण, 21 हजार 578 मामले लंबित
राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह वत्स ने कहा कि जौनपुर में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के मामले कम दर्ज हो रहे हैं। यहां पिछले दो साल में 1244 मामले पहुंचे, जिसमें 927 मामला का निस्तारण किया जा चुका है।
विस्तार
राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह वत्स शनिवार को जौनपुर पहुंचे। डाक बंगले पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में 54 हजार 401 मामले राज्य सूचना आयोग में पहुंचे। इसमें 33 हजार 181 मामलों का निस्तारण 18 अप्रैल तक किया गया है। जबकि अभी 21 हजार 578 मामले लंबित है। जौनपुर में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के मामले कम दर्ज हो रहे हैं। यहां पिछले दो साल में 1244 मामले पहुंचे, जिसमें 927 मामला का निस्तारण किया जा चुका है। वह वाराणसी जाते समय डाक बंगले में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इसके पहले चंदवक क्षेत्र के ब्राह्मणपुर में जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आरटीआई केवल सूचना प्राप्त करने का माध्यम न रह जाए, बल्कि इसके जरिए समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित होना चाहिए। इस दौरान आवास पर ही आयोजित जनसंवाद में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता से भी मुखातिब होकर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आरटीआई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ब्लॉक व ग्राम स्तर पर अभियान, कार्यशालाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अधूरी या भ्रामक जानकारी मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अपील के दौरान जांच कर संबंधित अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाती है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि आवेदक को पूर्ण व सही सूचना मिले। ऑनलाइन आरटीआई पोर्टल के संबंध में बताया कि इसे लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
आरटीआई कार्यकर्ताओं द्वारा सुरक्षा के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यदि किसी को धमकी मिलती है तो प्रशासन को तत्काल सूचना दें। क्षेत्र के कई लोगों ने अपनी समस्याओं को बताया, जिस पर आयुक्त ने आरटीआई के जरिये सूचना एवं उसके समाधान का उपाय भी बताया। कार्यक्रम में केराकत तहसीलदार अजीत कुमार, क्षेत्र के प्रवीण कुमार सिंह, सतीश सिंह, थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह समेत प्रशासनिक अमला एवं क्षेत्र के अन्य लाेग शामिल रहे। ङ राकेश सिंह के आवास पर आयोजित तिलकोत्सव में सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह शिरकत किए।