UP Accident: जौनपुर में ऑटो-बाइक की टक्कर, नीट की तैयारी कर रहे छात्र सहित तीन लोगों की मौत; मची चीख-पुकार
UP Accident News: यूपी के जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र में एक ऑटो और बाइक की टक्कर के बाद तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दाैरान तीनों की माैत हो गई। इसमें एक नीट की तैयारी करने वाला छात्र भी शामिल था।
विस्तार
Road Accident in Jaunpur: जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग पर भवानीपुर मोड़ के पास बुधवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में घायल एक युवती सहित तीन लोगों की देर रात जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की शाम को एक सवारी ऑटो चालक मछलीशहर से सवारी भरकर सिकरारा की तरफ जा रहा था। भवानीपुर मोड़ के पास दो युवतियां ऑटो से उतरीं। एक युवती दूसरी को सड़क पार कराने के लिए साथ जाने लगी।
अभी वह दोनों सड़क पार कर रही थीं कि तभी सिकरारा की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार बाइक सवार सौरभ गौड़ (25) निवासी मछलीशहर ने एक युवती श्वेता कुमारी (25) को तेज धक्का मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवती से भिड़ने के बाद ऑटो में लड़ा और सड़क पर गिर पड़ा।
इस दुर्घटना में युवती श्वेता के साथ ऑटो में बैठे जमुआ गांव निवासी रामपाल चौहान (58) भी घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां देर रात इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज कर विधिक कार्रवाई करने में जुट गई।
नीट की तैयारी कर रहा था सौरभ
सड़क दुर्घटना में मृत सौरभ उर्फ सोनू वर्तमान में नीट की तैयारी कर रहा था। उसकी बुधवार की रात हुए हादसे में मौत हो गई। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के मतरी गांव निवासी विनोद गौड़ को दो पुत्र विक्की (24) और सौरभ उर्फ सोनू (22) है।
एक पुत्री शिवानी (18) कक्षा 12 पास हुई है। बताते हैं कि सौरभ गौड़ कलकत्ता अपने पिता के पास गया था और वहीं से बुधवार को वापस घर लौट रहा था कि भवानीपुर के पास हुए सड़क हादसे में घायल हुआ और मौत हो गई। मृत्यु की जानकारी होने के बाद घर पर कोहराम मच गया है।