शाहगंज। क्षेत्र के भरौली गांव में बीते शनिवार की सुबह ओसामा खान की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें दीवानी न्यायालय के गेट के पास से तब गिरफ्तार किया गया जब वे आत्मसमर्पण करने जा रहे थे। मुख्य आरोपी तारिक अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके आजमगढ़ में छिपे होने की सूचना मिल रही है।
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वर मिश्रा ने बताया कि ओसामा की हत्या और उसके पिता इश्तियाक को गोली मारकर घायल करने वाले नामजद आरोपियों में मुख्य आरोपी तारिक सहित अन्य की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर तारिक के भाई दस हजार रुपये का इनामी तैयब व साढ़े सात हजार रुपये के इनामी तारिक के चाचा अजहर को बृहस्पतिवार की शाम दीवानी न्यायालय के गेट से गिरफ्तार किया गया। दोनों आत्मसमर्पण करने की फिराक में थे। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद नहीं हो सकी। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उधर, मृतक के बड़े पिता जुल्फेकार खान ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी परिवार के लोगों की सूचना पर की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस के अलावा घर के लोग भी हत्यारों के सुराग में लगे रहे।