जौनपुर: मतगणना स्थल पर ईवीएम मशीनों की रखवाली के लिए जुटे युवकों ने किया हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा
एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि कुछ लोग खड़े थे, जिन्हें समझाकर हटाया गया है। लाठी चार्ज जैसी कोई बात नहीं हैं, कुछ लोग अफवाह उड़ा रहे हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर ईवीएम मशीनों की रखवाली के लिए जुटे युवकों ने बुधवार की रात आठ बजे हंगामा किया। जिन्हें पुलिस कर्मियों और पीएसी ने लाठी फटकार खदेड़ दिया। चर्चा है कि इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिसपर पुलिस ने लाठी भी भांजी।
फिलहाल, विश्वविद्यालय के गेट के पास पीएसी तैनात कर दी गई। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ईवीएम मशीनों की रखवाली के नाम पर विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ता व समर्थक मुख्य गेट पर पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें मतगणना स्थल तक जाने से रोक दिया । मुख्य गेट पर ही अर्ध सैनिक बल के जवान तैनात कर दिए गए हैं, जिससे वे अंदर नहीं घुस पाए।
इस दौरान भारी संख्या में भीड़ गेट पर जुट गई और रात आठ बजे नारेबाजी व हंगामा करने लगे। इससे गुस्साए पुलिस व पीएसी ने उन्हें खदेड़ दिया। इसके चलते दो युवकों को चोटें आई हैं। दोनों की मोबाइल टूट गई। चर्चा है कि सुबह से ही सपा के कुछ कार्यकर्ता प्रशासन के वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, जो प्रशासन को भी नागवार गुजर रहा था।
वहीं, इस संबंध में सपा के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव का कहना मुझे ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। समाजवादी पार्टी के लोग अपना काम कर रहे हैं। कोई हमारा कार्यकर्ता किसी अधिकारी की गाड़ी नहीं चेक कर रहा है। मेरी डीएम-एसपी से बात हुई है, उन्होंने भरोसा दिलाया है कि पूरी पारदर्शियां के साथ वह मतगणना कराएंगे, जिसपर हमें भरोसा है।
हम लोग भी उनका सहयोग कर रहे हैं। वहीं, एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि कुछ लोग खड़े थे, जिन्हें समझाकर हटाया गया है। लाठी चार्ज जैसी कोई बात नहीं हैं, कुछ लोग अफवाह उड़ा रहे हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।