चंदवक। हरिहरपुर गांव में बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी डोभी रमाकांत की टीम ने छापा मारकर बिना मान्यता के चल रहे स्कूल को बंद कराया।
टीम ने देखा कि एपीएसएस विद्यालय में फर्जी तरीके से कक्षा 6, 7 और 8 की पढ़ाई चल रही थी। सभी कक्षाओं को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। बीईओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई कि यह विद्यालय को केवल कक्षा 5 तक की ही मान्यता प्राप्त है। वहां अवैध रूप से उच्च माध्यमिक कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। टीम के पहुंचने लगभग आधे घंटे तक विद्यालय का गेट नहीं खोला गया। किसी तरह विद्यालय में प्रवेश होने के बाद विद्यालय में 6, 7, 8 के छात्र पढ़ाई करते पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीईओ रमाकांत ने तत्काल नोटिस जारी कर कक्षाओं पर रोक लगा दी। दूसरे स्कूल में नामांकन, पढ़ाई कहीं और छानबीन में यह भी खुलासा हुआ कि स्कूल प्रशासन ने छात्रों का नाम पास के एक अन्य विद्यालय संत कीनाराम बाबा विद्यालय में दर्ज कर रखा था। जबकि पढ़ाई हरिहरपुर स्थित एपीएसएस स्कूल में ही कराई जा रही थी। यह सीधे तौर पर शिक्षा नियमों का उल्लंघन है। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मान्यता प्राप्त संस्थानों में ही बच्चों का नामांकन कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है, और यदि दोष सिद्ध हुआ तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।