जौनपुर। जनता कर्फ्यू के दौरान लोग घरों में रहे तो शहर को सैनिटाइज करने का भी भरपूर मौका मिला। डीएम के निर्देश पर सभी निकायों में अभियान चलाकर सैनिटाइजेशन किया गया। सिर्फ कूड़ा-कचरा ही साफ नहीं हुआ बल्कि टैंकर से पानी गिराकर सड़कों को धुलवाया गया। ब्लीचिंग पाउडर, डीडीटी और सोडियम हाइड्रोक्लोराइड का छिड़काव हुआ।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य के निर्देशानुसार शनिवार की रात ही डीएम ने सभी एसडीएम और निकायों के ईओ को यह निर्देश दे दिया था कि कर्फ्यू के दौरान अपने क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई कराएं। इसके लिए सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी भी रात में ही लगा दी गई। शहर की सफाई व्यवस्था के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी नोडल अधिकारी नामित किया गया था। सुबह 10 बजते ही सफाई कर्मचारी कार्यों में जुट गए। ईओ राजकिशोर की निगरानी में भंडारी स्टेशन से सफाई कार्य शुरू हुआ जो सुतहट्टी, सब्जीमंडी, कोतवाली चौराहा, चहारसू, शाही पुल होते हुए शहर के अन्य क्षेत्रों में पहुंचा। चौराहों-तिराहों व सड़कों को धुलने में नगर पालिका के टैंकर के अलावा अग्निशमन के वाहन की भी मदद ली गई। ब्लीचिंग पाउडर, डीडीटी और सोडियम हाइड्रोक्लोराइड का छिड़काव कराया गया। डीएम ने भी इसका निरीक्षण किया। माइक से लोगों को साफ-सफाई में सहयोग करने और कोरोना से बचने के लिए घरों से बाहर न निकलने को निर्देशित करते रहे। शाहगंज, मुंगराबादशाहपुर नगर पालिका, केराकत, मडिय़ाहूं, बदलापुर, खेतासराय, मछलीशहर, जफराबाद नगर पंचायत में भी सफाई अभियान जोरों पर चला।