जौनपुर/सिकरारा। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कुंवरदा चौराहा पर मनबढ़ों ने पुरानी रंजिश में शिक्षक पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडा और रॉड से पिटाई में लहूलुहान शिक्षक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। उनकी तलाश की जा रही है। उधर, घटना से शिक्षक संघ में आक्रोश है। उन्होंने शीघ्र आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है।
सिकरारा थाना क्षेत्र के सादात बिंदुली गांव निवासी डॉ. कृपानिधि यादव मंगलवार को विद्यालय में क्वारंटीन ड्यूटी करने के बाद सूचना संबंधी कागजात पहुंचाने संकुल प्रभारी के यहां जा रहे थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर कुंवरदा गांव निवासी वीरेंद्र प्रताप अपने भाई रवींद्र प्रताप के साथ गांव के ही नीलेश यादव व जंग बहादुर यादव को लेकर उन पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे और रॉड से पिटाई में उनके सिर, पीठ, हाथ पैर व शरीर के कई अंगों पर गंभीर चोट आई। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया। शिक्षक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैैैै। पुलिस चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर तलाश में जुट गई है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।