यूपी: कोतवाल को बदमाश से यारी पड़ी भारी, ऑडियो वायरल होने के बाद एसपी ने हटाया
केराकत कोतवाल विनय प्रकाश सिंह को एसपी ने पद से हटाया। साथ ही जांच के भी आदेश दिए हैं। उनकी जगह केराकत कोतवाल एसओ त्रिवेणी लाल सेन लाया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के जौनपुर से जिला बदर किए गए बदमाश से दोस्ताना निभाना केराकत कोतवाल विनय प्रकाश सिंह को भारी पड़ गया है। बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद एसपी ने पहले जांच का निर्देश दिया था और अब उनसे चार्ज भी छीन लिया है। उन्हें केराकत रकोतवाली से क्राइम ब्रांच से संबद्ध कर दिया है। कोतवाल की जगह खुटहन एसओ रहे त्रिवेणी सेन को केराकत कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, केराकत कोतवाली क्षेत्र के उदयचंदपुर गांव निवासी पीयूष कांत यादव पर कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके आधार पर डीएम ने उसे छह माह के लिए जिला बदर का आदेश दिया था। केराकत पुलिस ने इस आदेश का तामिला करा दिया था।
इसके बावजूद पीयूष कांत जिले में ही रहा। वायरल ऑडियो में कोतवाल विनय प्रकाश सिंह उसे डीएम की कार्रवाई का हवाला देते हुए जिले से बाहर जाने को कह रहे हैं। ऐसा न करने पर मजबूरन गिरफ्तारी करने की दलील भी दे रहे हैं। बातचीत में दौरान कोतवाल कई बार बदमाश को गुरु, पार्टनर जैसे शब्दों से भी संबोधित कर रहे है।
ऑडियो वायरल होने के बाद एसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए सीओ केराकत शुभम टोडी को जांच सौंपते हुए शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा था। रिपोर्ट आने से पहले ही एसपी ने विनय प्रकाश सिंह को केराकत कोतवाल के पद से हटा दिया है। उन्हें क्राइम ब्रांच से संबद्ध किया गया है। उनकी जगह खुटहन के एसओ त्रिवेणी लाल सेन को केराकत कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। खुटहन में अभी किसी की तैनाती नहीं हुई है।