जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के जहांगिराबाद में स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा में रविवार को सुबह शार्टसर्किट से आग लग गई। बैंक में रखा कम्प्यूटर और तमाम महत्वपूर्ण अभिलेख जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायरब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। पेट्रोल पंप के ठीक बगल में स्थित बैंक से उठ रहे तेज धुएं को देख आसपास इलाकों में अफरातफरी मची रही। फायर ब्रिगेड की मदद से घंटे भर बाद आग पर काबू पाया गया तो लोगों ने राहत की सांस ली।
सुबह करीब नौ बजे बैंक के रोशनदान और खिड़कियों से उठ रहे तेज धुएं को देख आस पास के लोगों ने बैंक के एटीएम बूथ पर तैनात गार्ड को सूचना दी। गार्ड ने फौरन घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस , फायर ब्रिगेड और बैंक शाखा प्रबंधक को दी। एक तो घनी आबादी और दूसरे पेट्रोल पंप के ठीक बगल में लगी आग की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ओलंदगंज से मछलीशहर पड़ाव और मछलीशहर पड़ाव की ओर से ओलंदगंज की ओर आने वाले वाहनों को रोक दिया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो ंगई। सूचना पर पहुंचे फायरब्रिगेड ने आग बुझाने के लिए बैंक की खिड़की तोड़ी तो धुआं तेजी से फैलने लगा। इससे फायर ब्रिगेड के जवानों को भी आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। धुआं इतना तेज निकल रहा था कि आस पास के इलाकों में भी धुआं गूंजने से अफरा तफरी मच गई। करीब घंटे भर प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। मौके पर पहुंचे बैंक शाखा प्रबंधक नयनअंशू ने बताया कि बैंक में शार्टसर्किट से आग लगी है। बैंक के रिकार्ड रूम में रखे बाउचर, कम्प्यूटर, बैट्री, इंवर्टर, फर्नीचर आदि जलकर नष्ट हो गए। बैंक खाताधारकों का कोई नुकसान नहीं हुआ है।