जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जल जीवन मिशन की बैठक हुई। इसमें बदलापुर विधायक रमेश मिश्र ने डीएम को उन 10 गांवों की सूची पकड़ाई जहां कई दिनों से खारा पानी आ रहा है। डीएम ने तत्काल इन गांवों में योजना के तहत काम पूरा कराते हुए पानी की आपूर्ति को सही कराने को कहा है। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जिले में कुल कितने ओवरहेड टैंक हैं, निर्माण पूरा हुआ कि नहीं, कितने किमी सड़कें बना दी गईं, कितने जगहों पर पाइप लाइन बिछाई गई है, कितने कनेक्शन दिए गए हैं आदि के संबंध में जानकारी ली। स्वीकृत डीपीआर, सोलर पंप की स्थापना, डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम, कार्यदायी संस्था एफकॉन तथा वेलस्पन द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की। इस पर सभी जनप्रतिनिधियों को अधीक्षण अभियंता जल निगम ग्रामीण महेंद्र राम ने विस्तार से योजना की प्रगति बताई। जनप्रतिनिधियों ने सड़क रेस्टोरेशन की प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द सड़कों की मरम्मत करा दी जाएगी। 30 जून को सभी ब्लाॅकों में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत की सड़कों के रेस्टोरेशन के संबंध में ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी और जल जीवन मिशन के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए प्रगति की पुनः समीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर पानी की टंकी का काम पूरा हो गया है, उसका उद्घाटन जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराएं। विधायक बदलापुर आर्सेनिक युक्त पानी की शिकायत की। जिन स्थानों पर ओवर हेड टैंक नही बने हैं इसकी भी सूची दी। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन गांवों में पानी की तत्काल आवश्यकता है वहां प्राथमिकता पर कार्य कराया जाए। इसके साथ ही बैठक में पीली नदी के जीर्णोद्धार पर चर्चा हुई। इसमें लोगो के सहयोग तथा श्रमदान से पीली नदी को जीवंत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यदाई संस्थाओं को निर्देशित किया कि जिन गांवों में किसी कारणवश बोरिंग का कार्य सफल नहीं हो पा रहा है। ऐसी जगह पर पास के गांव में बोरिंग करा कर कार्य कराया जाएं तथा ओवरहेड टैंक निर्माण के कार्य को गति दी जाए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए केके पांडे, उपयुक्त मनरेगा सुशील त्रिपाठी, जल जीवन मिशन के अधिकारी गण, कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित अन्य उपस्थित रहे।