शाहगंज। देवशयनी एकादशी के अवसर पर नगर के चूड़ी मोहल्ला स्थित श्री राम जानकी मंदिर (बुढ़वा बाबा) में शनिवार रात श्री श्याम संकीर्तन एवं विशेष शृंगार का आयोजन किया गया। देर रात तक चले धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और बाबा श्याम के भजनों पर भक्ति रस में डूबे रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान के पूजन और आकर्षक शृंगार के दर्शन के साथ हुई। इसके बाद वाराणसी से आए भजन गायक शिवांग शर्मा ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। लक्षा मंदिर, वाराणसी की कीर्तन मंडली से जुड़ी प्रियांशी जायसवाल ने भी अपनी भजन प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। थानीय कलाकार राजेश चौबे और भुवनेश्वर मोदनवाल ने भी भजनों की प्रस्तुति दी, जबकि तबला वादन में प्रियम सोनी ने संगत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आयोजकों ने बताया कि बाबा श्याम का विशेष फूलों और आकर्षक वस्त्रों से शृंगार किया गया। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और भजन-कीर्तन में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाया। श्री श्याम परिवार, शाहगंज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में कई युवाओं और स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। सभी ने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में खुशहाली की कामना की।