नेवढ़िया। थानाक्षेत्र के बासापुर गांव के समीप बुधवार सुबह करीब 8 बजे दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में यूपी-112 के पीआरवी चालक अनिल दुबे (47) की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक (बुलेट) पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सेउर गांव निवासी अनिल दुबे पीआरवी 112 में चालक के पद पर तैनात थे। बुधवार सुबह वह रोजाना की तरह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए नेवढ़िया थाने जा रहे थे।
इसी दौरान नेवढ़िया थानाक्षेत्र के पांडेपुर गांव निवासी कुशल पांडे और गुड्डू यादव बुलेट पर सवार होकर किसी काम से मड़ियाहूं की तरफ आ रहे थे। दोनों बाइक सवार जैसे ही बासापुर गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, रफ्तार तेज होने के कारण दोनों वाहनों में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर पहुंचाया। सीएचसी रामनगर के डॉक्टरों ने पीआरवी चालक अनिल दुबे को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं बुलेट सवार गुड्डू यादव और कुशल पांडे की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत रेफर कर दिया। दोनों घायलों का इलाज वर्तमान में जौनपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां कुशल पांडे की स्थिति बेहद नाजुक बताई गई। थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पीआरवी चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।