जौनपुर। निजी बसें और डग्गामार वाहन परिवहन निगम को हर महीने करीब दो से ढाई लाख रुपये की चपत लगा रहे हैं। रोडवेज बसों के रंग में रंगी निजी बसें और अन्य वाहन सवारी के इंतजार में रोडवेज परिसर से 200 मीटर की दूरी पर जेसीज चौराहे पर सवारी भरते है। यही हाल ब्लॉक मुख्यालयों के मुख्य चौराहों पर भी है। जौनपुर डिपो में अनुबंधित व निगम की कुल 105 बसों का बेड़ा है। इन बसों को प्रतिदिन, लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, आजमगढ़ समेत अन्य मार्गों पर संचालित किया जा रहा है। डिपो परिसर से महज 200 मीटर दूरी जेसीज चौराहा पर रोडवेज बसों के रंग में रंगीं निजी बसें समेत अन्य डग्गामार वाहन सवारी के इंतजार में खड़े रहते हैं और यात्री भी इन बसों को रोडवेज बस समझकर बैठ जाते हैं। ऐसे में निगम को हर महीने दो से ढाई लाख रुपये की चपत निजी व डग्गामार वाहनों से लग रही है। यही हाल बदलापुर चौराहा, शाहगंज, मछलीशहर बस स्टैंडों के सामने से डग्गामार व निजी वाहन सवारी बैठाकर फर्राटा भर रहे है। अलीगंज निवासी अर्जुन सिंह ने बताया कि प्रयागराज जाने के लिए जेसीज चौराहा पर रोडवेज बस समझकर निजी बस में बैठ गया। जफराबाद निवासी शिखा सिंह, प्रवीण यादव ने बताया कि वाराणसी जाने के लिए जेसीज चौराहा से रोडवेज बस समझकर निजी बस में बैठकर यात्रा करना पड़ा। यह बस जगह-जगह सवारी बैठाने के लिए रोक दी जा रही थी जिससे परेशानी का सामना करना पड़ा।