जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्व विद्यालय के मूल्यांकन केंद्र से रविवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी बूथों तक की जा रही थी, जिससे जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर दिन भर अधिकारी और लोग जाम में फंसकर परेशान होते रहे। वहीं, मतदान कार्मिक भी जाम में फंसने के कारण समय से रवानगी स्थल पर नहीं पहुंच पा रहे थे।
जिले में सात मार्च को मतदान कराने के लिए कुल 3948 पोलिंग पार्टियां बनाई गई है। रविवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मूल्यांकन केंद्र से बूथों पर रवाना करने का कार्य किया गया। इस दौरान मतदानकर्मियों और उनको ले जाने वाले वाहनों को सुबह छह बजे बुलाया गया था। इसके बाद दिन भर जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर जाम लगा रहा। इस दौरान कुत्तुपुर बाजार, सिद्दीकपुर, डाल्हनपुर, जासोपुर होते हुए पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक भारी जाम लग रहा। हालत यह रही कि वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। वहीं, लोग घंटों जाम में फंसने से परेशान होते रहे।