'मन की बात': जौनपुर के दिनेश उपाध्याय की सेवा को प्रधानमंत्री मोदी ने सराहा, जानिए इनके बारे में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले दिनेश उपाध्याय का जिक्र किया। कोरोना महामारी के दौरान उनके किए गए काम को लेकर पीएम ने उनकी तारीफ की और उनके बारे में पूछा।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में जौनपुर के दिनेश उपाध्याय से भी बात की। करीब पांच मिनट की वार्ता में प्रधानमंत्री ने दिनेश के काम को सराहा, हौसला बढ़ाया और इससे दूसरों को प्रेरणा लेने की बात कही। पीएम मोदी से बात कर दिनेश भी गदगद हैं। उनका कहना है कि उन्हें अपने काम का इनाम मिल गया है।
मड़ियाहूं के हसनपुर जमुआ गांव निवासी दिनेश उपाध्याय मुंबई में ऑक्सीजन टैंकर चलाते हैं। 'मन की बात' में प्रधानमंत्री ने दिनेश से उनके काम के बारे में जाना। पहले और अब आए बदलाव की जानकारी ली। दिनेश ने बताया कि वह पिछले 15-17 वर्षों से टैंकर चला रहे हैं। पहले उनके काम को कोई महत्व नहीं मिलता था।
लोग सामान्य रूप से चालकों जैसा व्यवहार करते थे। जाम में घंटों खड़ा रहना होता था। अब लोग उन्हें महत्व देते हैं। जाम में प्रशासन उनके वाहन को विशेष व्यवस्था कर निकलवाता है। अस्पताल में ऑक्सीजन लेकर पहुंचते तो काफी सम्मान भी मिलता है और इससे भी ज्यादा खुशी व तसल्ली तब मिलती है, जब हमारे ऑक्सीजन की वजह से किसी की जान बचती है। मरीज के परिवार वाले हाथ उठाकर अभिवादन करते हैं और ताली बजाते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपका (दिनेश) का काम प्रसंसनीय है। आप परिवार की चिंता छोड़कर देश और समाज के लिए काम कर रहे हैं। लाखों लोगों का जीवन बचा रहे हैं। कोरोना के समय आपकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। आप जैसे लोग पूरे निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश की सेवा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने दिनेश के परिवार और बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मन की बात के बाद दिनेश ने बताया कि यह उनके जीवन का स्वर्णिम पल था। अब तक के काम का यह सबसे बड़ा इनाम है। दिनेश के परिवार और गांव के लोग भी गदगद हैं।
...तो चौंक गए दिनेश
जौनपुर जिले के हसनपुर जमुआ गांव के मूल निवासी दिनेश कुमार उपाध्याय (48) को जब रविवार को मोबाइल पर फोन आया और उधर से गंभीर आवाज आई मैं नरेंद्र मोदी बोल रहा हूं, आप कैसे हो तो उन्हें विश्वास ही नहीं हो पा रहा था कि उनकी बात देश के प्रधानमंत्री से हो रही है। 10-15 सेकेंड तक वे निशब्द हो गए। फिर से उधर से आवाज आई तो उन्हें विश्वास हुआ कि देश के प्रधानमंत्री फोन पर हैं।
उन्होंने अमर उजाला से फोन पर बात करते हुए बताया कि यह मेरे जीवन का अविस्मरणीय पल था। जिस सहज व सरल भाषा मे मोदी जी उनसे बात किए वह मेरे लिए अविश्वसनीय हो रहा था। मुझे अपने देश के प्रधानमंत्री पर गर्व है।
दिनेश ने बड़ी खुशी से कहा ‘जी हां मैं यूपी से हूं’
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब दिनेश से अपने बारे में बताने को कहा तो उन्होंने अपने जिले की जानकारी दी। जौनपुर का नाम सुनकर पीएम ने जब उनसे पूछा कि यूपी से हैं तो बड़ी खुशी के साथ दिनेश ने जवाब दिया कि ‘जी हां मैं यूपी से हूं’।
पीएम ने दिनेश से कहा कि ‘मुझे बहुत अच्छा लगा और देश को भी लगेगा कि कैसे-कैसे किस प्रकार से लोग कोरोना की दूसरी लहर को हराने के लिए काम कर रहे हैं। आप नौ-नौ महीने तक अपने बच्चों से नहीं मिल रहे हैं, सिर्फ इसलिए कि लोगों की जान बच जाए। जब यह देश सुनेगा तो गर्व होगा।’
सीएम योगी बोले- दिनेश जी पर उत्तर प्रदेश को गर्व
डीएम जौनपुर मनीष कुमार वर्मा ने कहा- दिनेश उपाध्याय जिले के गौरव हैं। दिनेश की सेवा ने देश में ही नहीं दुनियाभर में जौनपुर जिले को सम्मान दिलाया है। बीमारी में उनके सेवा भाव से बड़ी संख्या में लोगों को जीवन मिला है, जो प्रेरणा देने वाला है। उनसे प्रेरणा लेते हुए जिस भी क्षेत्र में हैं, वहां कोरोना की लड़ाई जीतने में पूरा सहयोग करें। पीएम के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में जौनपुर का सम्मान बढ़ने से जिले के लोगों में खुशी है।