कोविड संक्रमण के दौरान ऑक्सीजन की होने वाली किल्लत से बचने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्लांट बनकर तैयार हो गया है। सोमवार को विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने फीता काटकर ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया। स्वास्थ्य अधीक्षक डा. संजय दुबे के संयोजकत्व में पंडित बद्री नाथ शास्त्री ने विधि विधान से पूजन कराया।
विधायक रमेश मिश्र ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट क्षेत्र के मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगा। क्षेत्र का कोई भी पीड़ित मरीज ऑक्सीजन की कमी से दम नहीं तोड़ेगा। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने ऑक्सीजन प्लांट की उपयोगिता एवं कोरोना महामारी से बचाव के बारे में विस्तार से बताया। डीएम ने बताया कि जिले में 12 ऑक्सीजन प्लांटों में से छह चालू हो रहे हैं। प्रति प्लांट एक हजार एलपीएम ऑक्सीजन अर्थात 400 से 500 सिलेंडर की आपूर्ति होगी। जिला अस्पताल में दो प्लांट तैयार हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि तीसरी लहर का मुकाबला करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। अगले माह तक सभी 12 ऑक्सीजन प्लांट काम करना शुरू कर देंगे। इस मौके पर सीडीओ अनुपम शुक्ल, एसडीएम अमिताभ यादव, पंकज मिश्र, अखिल मिश्र, गंगा प्रसाद सिंह, सत्यम सिंह, सुरेश चौहान, अनिल सिंह, राजदेव सिंह, सुनील तिवारी, सुनील कुमार सिंह, रामसहाय पांडेय, सत्यम सिंह, जय सिंह, मिथिलेश सिंह, साहेब लाल चौधरी आदि मौजूद रहे।