जौनपुर। गणतंत्र दिवस के लिए पुलिस लाइंस मैदान में होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को परेड के फाइनल रिहर्सल में जवानों ने खूब पसीना बहाया। इस बार परेड में पीएसी की टुकड़ी शामिल नहीं होगी। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ध्वजारोहण करेंगे।
एसपी राजकरन नय्यर की निगरानी में फाइनल रिहर्सल किया गया। पुलिस लाइंस ग्राउंड को रंगोली से सजाया गया। क्रमश: पुलिस लाइंस, पुलिस ऑफिस, अभियोजन, महिला पुलिस के अलावा फायर ब्रिगेड, महिला शक्ति, डाग स्क्वाड, यातायात पुलिस की टोली ने क्रमबद्ध होकर परेड किया और ध्वज को सलामी दी। मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि के तौर पर परेड का निरीक्षण हुआ। एसपी ने पुलिस कर्मियों को गणतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी और सजगता से दायित्वों के निर्वहन का संकल्प दिलाया। आरआई रजतपाल राव ने बताया कि गणतंत्र दिवस का रिहर्सल पूरा कर लिया गया है। 26 जनवरी को सुबह साढ़े नौ बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। बताया कि जिले से बाहर होने के कारण इस बार पीएसी की टुकड़ी को परेड में शामिल नहीं किया गया है।