{"_id":"67500179bce64426950ee494","slug":"one-youth-died-one-injured-in-a-collision-with-a-speeding-car-jaunpur-news-c-20-ali1005-811438-2024-12-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jaunpur News: तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत, एक घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jaunpur News: तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत, एक घायल
विज्ञापन
विज्ञापन
पिंडरा (वाराणसी)। बाबतपुर-जमालापुर मार्ग पर लखमीपुर गांव में मंगलवार को एक गैरेज के सामने एक तेज रफ्तार कार तीन बाइक और कुर्सी पर बैठे दो युवकों को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकरा कर गड्ढे में पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। सूचना पाकर पहुंचे एसीपी पिंडरा और फूलपुर थानाध्यक्ष ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर आधा घंटे में जाम समाप्त कराया।
बाबतपुर की तरफ से तेज गति से आ रही एक कार लखमीपुर में एक गैरेज के सामने तीन बाइक और दो युवकों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। कार की टक्कर से रसूलपुर के राहुल विश्वकर्मा (26) की मौत हो गई। हादसे में लखमीपुर का राहुल गुप्ता (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने राहुल का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सभी की मांग थी कि युवक के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। मौके पर पहुंचे एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार और इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जौनपुर के नेवढ़िया थाने के नोनारी निवासी प्रदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
हादसे से दो दिन पहले हुआ था गौना
कार की टक्कर से जान गंवाने वाला राहुल विश्वकर्मा बीए की पढ़ाई कर रहा था। पिता कमलेश विश्वकर्मा ने बताया कि दो दिन पहले ही उसका गौना हुआ था। बीते अप्रैल महीने में उसकी शादी जौनपुर के बरसठी में हुई थी। राहुल विश्वकर्मा तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। राहुल विश्वकर्मा की मौत के बाद उसकी पत्नी सोना की हालत बेसुधों जैसी थी। परिजन बड़ी ही मुश्किल से सोना को संभाले हुए थे।