जौनपुर। पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रेक्षक ओम प्रकाश आर्या और अतिरिक्त प्रेक्षक रमेश चंद्र सोमवार की देर शाम जिले में पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त रुप से बैठक कर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।
अतिरिक्त प्रेक्षक ने निर्देश दिया कि पोलिंग पार्टियां समय से अपने बूथ पर पहुंचें। मतदान कार्मिक किसी भी प्रत्याशी के घर न रुकें और न ही कोई आवभगत कराएं। सभी कार्मिक अपने कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन करें। सभी प्रभारी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक बूथ पर आवश्यक सामग्री समय से पहुंच जाए। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट सुनिश्चित करें कि चुनाव के दिन मतदाता सूची को लेकर कोई विवाद उत्पन्न न हो। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार को निर्देश दिया कि सभी बूथों पर कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन कराएं। निर्वाचन तिथि की पूर्वसंध्या तक सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर लें। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट समय से पहले अपने बूथों पर पहुंचें। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने तैयारियों के बारे में बताया। संवेदनशील अतिसंवेदनशील, अतिसंवेदनशील प्लस बूथों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं। एसपी राजकरन नय्यर ने कहा कि चुनाव संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। दो सीआरपीएफ, चार पीएसी की कंपनियां लगाई गई हैं।