79 क्रय केंद्र बने
किसान औने पौने दाम में आढ़तियों को अपना धान नहीं बेच सकेंगे। साथ ही उनको बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके मद्देनजर पूरे जिले में धान खरीद करने के लिए जगह-जगह धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं।
जिसमें खाद्य विभाग के नौ, यूपी एग्रो के तीन, यूपी एसएस के तीन, कर्मचारी कल्याण निगम के दो, एसीसीएफ के तीन, भारतीय खाद्य निगम के दो, पीसीएफ के 57 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन क्रय केंद्रो द्वारा एक नवंबर से 28 फरवरी 2017 तक धान की खरीद की जाएगी।
इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। धान की खरीद करने में क्रय केंद्रो को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए केंद्रो को बोरा, तोड़ा, इलेक्ट्रानिक कांटा आदि उपलब्ध करा दिया गया है। लेकिन सभी धान क्रय केंद्रो को अभी पैसा उपलब्ध नहीं कराया गया है।
इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी विकास तिवारी ने बताया कि एक नवंबर से धान खरीदने की तैयारी पूरी कर ली गई है। क्रय केंद्राें की स्थापना करने के साथ ही उस पर सारी सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है। खरीद शुरू होने से पहले क्रय केंद्राें के खाते में धनराशि भेज दी जाएगी।