रकम दोगुनी करने का झांसा: टेलीग्राम लिंक से किया खेला, 1.90 लाख की ठगी, फेसबुक से आया था मेसेज; प्राथमिकी
जिले में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर महिला से 1.90 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। फेसबुक से आए लिंक के माध्यम से उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया था। पीड़िता ने गूगल-पे से रकम भेजी। शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराने के बाद अब लाइन बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
विस्तार
टेलीग्राम ग्रुप के जरिए रकम दोगुनी करने का झांसा देकर महिला से 1.90 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत और अधिकारियों के निर्देश पर पांच सितंबर 2026 को लाइन बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अराजी बाबूपुर, टीबी अस्पताल रोड निवासी संध्या गिरि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार जून 2025 को फेसबुक के माध्यम से उन्हें टेलीग्राम ग्रुप का एक लिंक मिला था। इसमें निवेश की गई रकम दोगुनी करने का दावा किया गया था। रकम दोगुनी होने के लालच में वह साइबर ठगों के झांसे में आ गईं। इसके बाद उन्होंने गूगल-पे के माध्यम से अलग-अलग तरीके से कुल 1.90 लाख रुपये भेज दिए।
रकम भेजने के बाद जब उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिला और आगे भी पैसे की मांग की गई तो उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई। पीड़िता ने लाइन बाजार थाने में भी प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए संपर्क किया था।
पीड़िता के अनुसार, थाने में शिकायत के बावजूद उस समय प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक, साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ को प्रार्थनापत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रार्थनापत्र पर अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों के निर्देश के बाद लाइन बाजार पुलिस ने पांच सितंबर 2026 को मामले में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अब साइबर ठगी से जुड़े मोबाइल नंबर, बैंक खातों और लेनदेन समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।