जौनपुर। गेहूं क्रय केंद्रों के बंद रहने, समय से न खुलने, गेहूं की खरीद न करने सहित समय से बेचे गए गेहूं का पैसा न देने की शिकायत लगातार किसानों की ओर से डीएम से की जा रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम के निर्देश पर एडीएम (भू व राजस्व) ने बुधवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में गेहूं खरीद एजेंसियों के साथ बैठक की। इस दौरान हर हाल में किसानों का गेहूं खरीदने सहित समय से पैसा देने आदि का निर्देश दिया गया। कहा कि आगे ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम (भू व राजस्व) राज कुमार द्विवेदी ने कहा कि किसान क्रय केंद्रों की ओर से गेहूं नहीं खरीदने, क्रय केंद्र बंद होने व समय से पैसा नहीं देने की लगातार शिकायत कर रहे हैं, जो ठीक नहीं है। सभी केंद्र प्रभारी नियमित रूप से समय से क्रय केंदों को खोलें, जो भी किसान आ रहे हैं उसका गेहूं खरीदें। किसान अगर बिना गेहूं बेचे गए तो संबंधित केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद निर्धारित समय से उनका भुगतान भी करें। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रो पर गेहूं खरीद से संबंधित सभी सुविधा उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों से गेहूं खरीद करने के लिए तीन एजेंसियों के 110 गेहूं क्रय केंद्र खोले गए हैं। समीक्षा के दौरान गेहूं खरीद कम होने पर नाराजगी जताई। साथ ही हर हाल में अधिक से अधिक गेहूं खरीदने का निर्देश दिया। इस अवसर पर डीएसओ अजय प्रताप सिंह सहित प्रभारी डिप्टी आरएमओ सहित गेहूं खरीद एजेंसियों के लोग मौजूद रहे।