सुजानगंज। सुजानगंज क्षेत्र के शिवरिहा संपर्क की बगैर मरम्मत के पैसा डकार लेने के मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग हरकत में आया है। मामले में एई व जेई के खिलाफ पत्र लिखने के बाद महकमे ने मौके पर काम कराने की सुध ली। शुक्रवार को मरम्मत के लिए पांच ट्रक गिट्टियां गिरा दी गईं हैं। इससे ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी दिखाई दे रही है। मुंगराबादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी से शिवरिहा संपर्क मार्ग के लिए स्वीकृत 26.58 लाख रुपये की सड़क मरम्मत की विभागीय जांच शुरू हो गई है। यहां पर मुंगराबादशाहपुर के सपा विधायक पंकज पटेल ने बगैर सड़क बने विभाग से पैसा जारी हो जाने का आरोप लगाया है। प्रकरण की जांच पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता ने करते हुए एई राजेश कुमार व जेई अमित सिंह के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की।
अनशन पर बैठे ग्रामीणों को पिलाया जूस -सुजानगंज। शिवरिहा गांव में सड़क न बनने व बगैर मरम्मत के पैसा निकाल लेने के मामले से आक्रोशित ग्रामीण अनशन पर थे। ग्रामीण सौरभ यादव, रिंकू यादव, दीपक मिश्र, मल्कू यादव, रविन्द्र याद समेत अन्यग्रामीणों की मांग थी कि सड़क की विशेष मरम्मत हो। भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। सुजानगंज ब्लॉक प्रमुख के पति श्रीप्रकाश शुक्ल व पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर और सपा विधायक पंकज पटेल शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने काम शुरू होने के लिए गिराईं गई गिट्टियों को दिखाते हुए कहा कि कल से काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने वहां पर बैठे ग्रामीणों को जूस पिलाकर अनशन खत्म करवाया।