जौनपुर: एक्सईएन सहित चार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज, लाइनमैन की करंट से हुई थी मौत, पोल से लटका मिला था शव
जौनपुर जिले में सोमवार को ट्रांसफॉर्मर पर बिजली सही करने के दौरान लाइनमैन की मौत हो गई थी। जिसका शव पोल से लटक गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की तो, परिजनों ने हंगामा किया और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में करंट की चपेट में आने से प्राइवेट लाइनमैन की मौत के मामले में सोमवार की देर रात मुकदमा दर्ज हो गया। मुकदमे की कॉपी लेने के बाद परिजनों ने बिजली के पोल से शव उतारने दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के सिउरा गांव में ट्रांसफॉर्मर पर बिजली सही करने के दौरान नंदलाल गौतम(45) की मौत हो गई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को घटनास्थल से शव को कब्जे में लेने नहीं दिया। पावर हाउस के सामने जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक जाम लगाया था।
जाम समाप्त कराने के बाद सिउरा पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल के अलावा सीओ मछलीशहर, सीओ मड़ियाहूं ने लोगों को समझा-बुझाकर पोल से लटके शव को उतारवाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। परिजनों की मांग थी कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही एफआईआर की कॉपी दिखाई जाए। परिवार के एक सदस्य को नौकरी और उचित मुआवजा दिया जाए।
मृतक के बेटे ने देर रात दी तहरीर
लगभग रात 11 बजे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के समझाने के बाद मृतक के बेटे राहुल से तहरीर दिलाई। बेटे ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, एसडीओ, अवर अभियंता सिकरारा और एक अज्ञात के खिलाफ लापरवाही पूर्वक कार्य कर पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की। लेकिन, परिवार के लोगों ने विरोध तेज कर दिया।
मुकदमा की कॉपी परिजनों को देने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लिया
हालांकि काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने चारों नामजद लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी कॉपी घटनास्थल पर परिजनों को दी। इसके बाद रात 12 बजे पुलिस शव को कब्जे में ले सकी। मौके पर मौजूद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने परिजनों को दुर्घटना बीमा का 5 लाख का चेक दो दिनों में देने की घोषणा की। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया कि इसके अलावा शासन स्तर से नियमानुसार जो भी सुविधाएं संभव होंगी परिजनों को मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।