जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्न पत्रों का वितरण रविवार को शुरू हो गया। रविवार को सुबह डीआईओएस राजकुमार पंडित ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्न पत्रों का वितरण शुरू कराया। देर शाम कर करीब 70 केंद्र व्यवस्थापकों ने प्रश्न पत्र प्राप्त किया। सोमवार तक सभी केंद्र व्यवस्थापकों को प्रश्नपत्र मुहैया करा दिया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 230 केंद्र बनाए गए हैं। इस केंद्रों पर 24 मार्च से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होनी हैं। सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिका के साथ परीक्षा सामग्री पहुंच चुकी है। रविवार से प्रश्नपत्र का वितरण भी शुरू हो गया है। देर शाम तक करीब 70 विद्यालयों ने शिया इंटर कालेज परिसर से पेपर प्राप्त किया। जिले में कुल 641 विद्यालय हैं। कुल 149033 छात्र पंजीकृत हैं। हाइस्कूल में पंजीकृत छात्रों की संख्या 78606 तथा इंटरमीडिएट में पंजीकृत कुल छात्र की संख्या 70427 है। जिले में संवेदनशील केंद्रों की संख्या 36 है। अतिसंवेदनशील केंद्रों की संख्या 17 है। परीक्षा की निगरानी के लिए 07 सचल दस्ते गठित किए गए हैं। कुल सेक्टर मजिस्ट्रेट 31, जोनल मजिस्ट्रेट 07, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट 03 और स्टैटिक मजिस्ट्रेट 230 लगाए गए हैं। रविवार को डीआईओएस कार्यालय के स्टाफ राजेश विश्वकर्मा और अन्य लोगों की मौजूदगी में प्रश्न पत्र का वितरण किया गया। सोमवार तक सभी केंद्रों को प्रश्न पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।