यूपी: सीमा विवाद में उलझी रही दो जिलों की पुलिस, गोताखोर की बजाय ग्रामीणों ने खुद तलाश की और निकाली लाश
जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के कोदैला गांव स्थित तालाब में सोमवार को दो लोग डूब गए थे। दूसरे दिन मंगलवार को सुबह 8 बजे जाल में फंसा शव मिला। सीमा विवाद में भदोही और जौनपुर की पुलिस उलझी रही।
विस्तार
जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के कोदैला गांव के पास सोमवार की दोपहर मछली पकड़ने गए युवक और किशोर दोनों वरुणा नदी में डूब गए थे। इनमें से किशोर का शव मंगलवार की सुबह बरामद हो गया है। लेकिन पुलिस के रवैये से ग्रामीणों में गुस्सा फूट पड़ा है। जहां यह घटना हुई है, उस जगह को भदोही जिले की पुलिस और जौनपुर जिले की पुलिस एक-दूसरे की सीमा में होने का दावा कर रहे हैं।
जब दोनों डूबे थे तो पुलिस ने उनको ढूंढने के लिए गोताखोर नहीं बुलाए। पुलिस एक-दूसरे की सीमा में घटनास्थल होने का दावा करती रही। मौके पर भदोही जिले की सीमावर्ती पुलिस और जौनपुर जिले की रामपुर थाना पुलिस भी पहुंच गई थी। ग्रामीण खुद डूबे लोगों की तलाश में थे। देर रात नहीं मिला तो उन्होंने मंगलवार को फिर तलाश की। मंगलवार की सुबह आठ बजे किशोर का शव बरामद हो गया। रामपुर थानाध्याक्ष विजय सिंह ने बताया कि घटनास्थल भदोही जिले की सीमा में पड़ता है। जौनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम लेकर भेज दिया है।
भदोही जिले के नईबाजार चौकी क्षेत्र के गुलौरा गांव निवासी राजेश गौतम का 14 वर्षीय पुत्र सनी रक्षाबंधन पर रविवार को अपने मामा विजयशंकर गौतम के घर आया था। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे सनी अपने ममेरे भाई अजय गौतम(18) पुत्र विजय शंकर के साथ वरुणा नदी के पास गए थे।
काफी देर तक दोनों वापस घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें खोजते हुए नदी के किनारे पहुंचे तो नदी के किनारे कटिया और दोनों की चप्पल पड़ी थी लेकिन दोनों आस-पास नहीं दिखे। दोनों के नदी में डूबने की आशंका पर परिजनों ने शोर मचाया तो आस-पास के गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
नदी के दूसरे किनारे पर स्थित उमरी गांव भदोही जिले के नईबाजार पुलिस चौकी क्षेत्र में होने के कारण भदोही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एक-दूसरे के थाना में घटनास्थल होने का दावा करने में पुलिस उलझी रही। तो वहीं ग्रामीण दोनों की तलाश में जुटे रहे। शाम करीब सात बजे तक दोनों का पता नहीं चल सका था। लेकिन मंगलवार की सुबह ग्रामीणों को सनी का शव जाल में फंसा मिला। जिसे बाहन निकलवाया।