कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में 12 से 14 वर्ष तथा 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का निर्देश दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन का लक्ष्य प्राप्त करने में सहयोग करें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 315205 बच्चों का टीकाकरण होना है। इसमें से 305386 बच्चों को पहली डोज देकर लक्ष्य का 97 प्रतिशत तथा 252388 को दूसरी डोज लगवाकर लक्ष्य का 81 प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 12 से 14 वर्ष आयु वर्ष के 190373 बच्चों का टीकाकरण करने का लक्ष्य है। इस वर्ग के 156533 बच्चों को पहली डोज लगाकर 83 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 37587 बच्चों को दूसरी डोज डोज देकर 20 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। बावजूद इसके डीएम ने हर हाल में सप्ताह भर के अंदर दोनों डोज का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, एसीएमओ डा. राजीव कुमार, उपजिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. डीके सिंह, आयुष्मान भारत के जिला समन्वयक डा. बद्री विशाल पांडेय, जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक हिमांशु शेखर सिंह, शिकायत प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।