CM Yogi In Jaunpur: सीएम योगी ने नए जोड़ों पर बरसाए फूल, अगले सत्र में छात्राओं को स्कूटी देने का किया वादा
CM Yogi Adityanath In Jaunpur: सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को जौनपुर पहुंचे। जौनपुर महोत्सव में तीसरे दिन मुख्यमंत्री शामिल हुए। वहीं सीएम योगी ने सामूहिक विवाह में नए जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को शाही किला में आयोजित जौनपुर महोत्सव के तीसरे दिन सामूहिक विवाह में हिस्सा लेने पहुंचे। मौके पर खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव व जिलाधिकारी ने सीएम योगी का स्वागत किया। इसका बाद टीडी कॉलेज के छात्र- छत्राओं द्वारा गणेश वंदना की गई।
इस दौरान खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव ने कहा कि एक बार आग्रह पर मुख्यमंत्री महोत्सव में आए और उन्होंने प्रमाणित किया कि गरीबों के लिए हमेशा खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने सभी तबके को सरकारी योजनाओं से जोड़ कर सबका विकास किया है। गरीबों को मुख्य धारा से जोड़ने में सरकार हमेशा तत्पर है। अब तक यहां 12 हजार आवास मुहैया कराया गया है।
बिना भेद- भाव सरकार गरीबों को दे रही लाभ
सीएम ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव हर गरीब, युवा, किसान और महिला को सभी लाभ दे रही है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ हो या सामूहिक विवाह हो मंगल कामना के साथ सरकार हमेशा खड़ी है। सरकार हमेशा आपके साथ है। कहा पहले लोग मजाक उड़ाते थे, आज जौनपुर के कार्यक्रम तक प्रदेश में चार लाख विवाह करा चुके हैं। यह समाज की आवश्यता थी कि कोई बेटी बिन ब्याही न रहे। सरकार ने सबका हाथ थमा दिया।
सीएम योगी ने कहा आज जौनपुर में आया हूं। यहां का इतिहास है यहां की इमरती। इमरती को भी अब जीआई टैग मिल गया है। कोई मेहमान आए तो इमरती ही गिफ्ट कीजिए। उसकी मिठास हमेशा उसके जीवन में घुली रहेगी। जौनपुर का इत्र और यहां की दरी दीजिए।
सीएम योगी ने कहा कि जौनपुर को स्मार्ट सिटी बनाने जा रहे हैं। यहां की सड़के, लटकते तार, सीवर सभी समस्याओं का समाधान होगा। मास्टर प्लान तैयार कर शासन को भेजिए। मुंगरा बादशाहपुर में बाईपास के लिए जमीन अधिग्रहण चल रहा है। जौनपुर किसी से पीछे नहीं है। जफराबाद फ्लाईओवर हो या फोरलेन का कार्य हो सब तेजी से चल रहा है। जौनपुर मिर्जापुर के बीच बाईपास बन रहा है। 17 पुल अकेले जौनपुर को मिले हैं।
सीएम ने कहा कि सेतुओं की तरह सामूहिक विवाह दो परिवारों को जोड़ने का कार्य है। यहां के नागरिकों के प्रति आभार प्रकट करने आया हूं। महाकुंभ को लेकर सीएम ने कहा कि कोई सोचा था कि 60 करोड़ लोग महाकुंभ में आएंगे, लोग हंसते थे। पूरी नकारात्मकता फैलाई गई। जिसकी जैसी दृष्टि होगी उसे वैसे ही सृष्टि दिखेगी।
टीम ने बताया कि लोग नकारात्मकता फैला रहे, मैंने बोला था कि यही कार्यक्रम को सफल बनाएगा। 66.30 करोड़ श्रद्धांलुओं को एक भारत श्रेष्ठ भारत से जोड़ने का काम किया। कहा कि जगद्गुरु रामभादराचार्य, लालजी सिंह जैसा वैज्ञानिक, कीर्ति सिंह, यादवेंद्र दत्त द्विवेदी, रवि किशन यहीं से हैं। रवि किशन को दूसरी बार सांसद बनाया।
सभी वर्ग के लोगों को हर योजना का मिलेगा लाभ
सीएम योगी ने कहा कि जौनपुर महोत्सव में 1000 से अधिक कलाकारों को मौका मिला। यहां विकास के लिए जो भी आवश्यकता होगी सरकार पूरा करेगी। अगले सत्र से विवाह में एक लाख, मेधावी कन्याओं को स्कूटी, गरीबों को हर योजना का लाभ मिलेगा। एम्प्लॉयमेंट जोन लौह पुरुष के नाम से बनेगा। यहां से प्रशिक्षण के साथ- साथ रोजगार भी मिलेगा। इसके लिए 100 एकड़ जमीन प्रशासन को तलाशने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही सीएम योगी ने नव विवहित जोड़ों का फूल बरसा कर स्वागत किया।